इधर चले - उधर चले: बीजद सांसद महताब और महापात्र भाजपा, तो बीजेपी के रामटहल कांग्रेस में शामिल

बीजद सांसद महताब और महापात्र भाजपा, तो बीजेपी के रामटहल कांग्रेस में शामिल
  • दूसरे दलों के नेताओं का भाजपा में प्रवेश का सिलसिला लगातार जारी
  • (बीजद) के सांसद भर्तृहरि महताब और पूर्व सांसद सिद्धांत महापात्र ने थामा दामन
  • भाजपा के पूर्व सांसद रामटहल चौधरी कांग्रेस में हुए हैं शामिल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दूसरे दलों के नेताओं का भाजपा में प्रवेश का सिलसिला लगातार जारी है। पंजाब से आम आदमी पार्टी के मौजूदा एकमात्र सांसद के बाद अब ओडिशा से बीजू जनता दल (बीजद) के सांसद भर्तृहरि महताब और पूर्व सांसद सिद्धांत महापात्र गुरुवार को भाजपा में शामिल हो गए। इसके अलावा समाजसेविका पद्मश्री दमयंती मिश्रा ने भी भाजपा का दामन थामा। भाजपा महासचिव विनोद तावडे ने इन नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, भाजपा के उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा, ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल मौजूद रहे। भर्तृहरि महताब बीजद के संस्थापक सदस्यों में से एक और छह बार कटक से लोकसभा सांसद हैं। अपनी प्रतिक्रिया में भर्तृहरि महताब ने कहा कि जीवन के पड़ाव में एक निर्णय लेना जरुरी होता है। राष्ट्रवाद और एकात्मता एवं पूर्वोदय तीनों का समाहार भाजपा के जरिए ही हो सकता है।

भाजपा के पूर्व सांसद रामटहल चौधरी कांग्रेस में हुए हैं शामिल

उधर रांची से पांच बार सांसद रह चुके भाजपा नेता रामटहल चौधरी ने गुरूवार को आखिरकार कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। कांग्रेस में शामिल होने के बाद श्री चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी से प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया है। इस अवसर पर कांग्रेस महासचिव गुलाम अहमद मीर, झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय आदि प्रमुखता से मौजूद थे। माना जा रहा है कि रांची लोकसभा सीट से चौधरी कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी होंगे। गुलाम अहमद मीर ने पार्टी में रामटहल चौधरी का स्वागत करते हुए कहा कि रांची लोकसभा सीट के लिए जल्द ही प्रत्याशी के नाम का एलान कर दिया जाएगा। पवन खेड़ा ने कहा कि जैसा कि आपको उस दिन वायदा किया था कि हर दो चार दिन में कुछ लोगों की नींद हराम करनी है, उसी वायदे को आगे बढ़ाते हुए आज भाजपा के पांच बार के सांसद और दो बार के विधायक रहे रामटहल चौधरी को कांग्रेस में शामिल कराया जा रहा है।



Created On :   28 March 2024 3:09 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story