29 जून को राजग का हिस्सा होंगे उपेन्द्र कुशवाहा!, गठबंधन के तहत रालोजद को मिल सकती है 3 सीटें

- गठबंधन के तहत रालोजद को मिल सकती है 3 सीटें
- 29 जून को राजग का हिस्सा होंगे उपेन्द्र कुशवाहा!
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के महागठबंधन में शामिल होने के मद्देनजर अब भाजपा भी अपने कुनबे (राजग) को विस्तार देने में जुटी है। पूर्व मुख्यमंत्री और हम के संरक्षक जीतनराम मांझी को अपने पाले में करने के बाद पार्टी अब पूर्व केन्द्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक जनता दल के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा को भी राजग का हिस्सा बनाने जा रही है। 29 जून को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे के दौरान कुशवाहा के राजग में शामिल होने की संभावना है।
बता दें कि नीतीश कुमार से नाता तोड़ने वाले उपेन्द्र कुशवाहा की कुछ समय पहले ही गृह मंत्री शाह से मुलाकात हो चुकी है। सूत्र बताते हैं कि कुशवाहा का राजग में शामिल होना बस औपचारिकता है। 2014 में मोदी लहर पर सवार होकर कुशवाहा की पार्टी ने लोकसभा की तीन सीटें जीती थी और कुशवाहा केन्द्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हुए थे। यह संयोग है कि कुशवाहा 10 वर्ष बाद 2024 में एक बार फिर राजग के हिस्से होंगे। यदि कुशवाहा भाजपा के साथ आते हैं तो 2014 की तरह उनके हिस्से में लोकसभा की तीन सीटें आ सकती हैं।
बिहार को लालटेन युग में ले जाना चाहते हैं नीतीश : कुशवाहा
राजग की सवारी करने से पूर्व उपेन्द्र कुशवाहा ने आज विपक्षी एकता की हो रही कोशिशों पर हल्ला बोला। उन्होंने कहा, ‘विपक्षी एकता के नाम पर पटना में हुई बैठक में राहुल गांधी की बढ़ी हुई दाढ़ी और रूकी हुई शादी के अलावे गर्मी के कारण अगली बार शिमला में बैठक का आनंद लिया जाए’ इसकी चर्चा हुई। कुशवाहा ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार को फिर से लालटेन युग के खौफनाक काल में ले जाना चाहते हैं, इसलिए इनकी सबसे ज्यादा दुर्गति बिहार में ही होने वाली है।
Created On :   26 Jun 2023 9:17 PM IST