- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- एक महिला सहित जिले में एक दिन में...
एक महिला सहित जिले में एक दिन में निकले 10 नए कोरोना पॉजिटिव

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा । जिले में लगातार कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। सोमवार को जिले में शहर के परासिया रोड स्थित कॉलोनी में रहने वाली एक महिला साहित 10 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। 9 संक्रमितों की जांच रिपोर्ट सिम्स की प्रयोग शाला से प्राप्त हुई है, वहीं शहर की महिला नागपुर में संक्रमित पाई गई। सोमवार तक जिले में संक्रमितों की संख्या 126 तक पहुंच गई है। इसमें नागपुर में पॉजिटिव महिला भी शामिल है, जिसे जिला प्रशासन ने जिले की पॉजिटिव संख्या में नही जोड़ा है। कोविड वार्ड में 33 एक्टिव मरीजों का उपचार जारी है। एक साथ निकले 10 संक्रमितों के सेंपल जांच के लिए 24 जुलाई को भेजे गये थे। जिनमें 1 पांढुर्ना, 1 सौंसर, 2 मोहखेड़, 2 जुन्नारदेव, 1 तामिया, 1 अमरवाड़ा, 1 बिछुआ और 1 शहर के परासिया रोड की महिला शामिल है।
एक दिन पहले नागपुर गई महिला निकली पॉजिटिव
शहर के परासिया रोड में रहने वाली महिला बीमार होने पर इलाज के लिए रविवार को नागपुर गई थी। इस महिला का स्वाव सेंपल नागपुर में लिया गया और यह सेंपल पॉजिटिव आया है। जिसकी सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने महिला के घर के आसपास का क्षेत्र सेनेटाइज कराया है। साथ ही उसके परिजनों को होम क्वारेंटाइन रहने के निर्देश दिए हैं।
मेहमानी में जुन्नारदेव आए, सेल्टर होम में कराया था शिफ्ट
जुन्नारदेव में दो लोग सोमवार की रिपोर्ट में संक्रमित निकले हैं। ये दोनों मेहमानी के लिए सावनेर से जुन्नारदेव आए थे प्रशासन को पता चलने के बाद दोनों को शेल्टर होम में शिफ्ट कराया गया था। इनके सेंपल 24 जुलाई को जांच के लिए भेजे गए थे, जो पॉजिटिव आए हैं। इसी दिन मोहखेड़ के सेल्टर होम से दो परिवारों के सेंपल भेजे गए थे, इनमें गुजरात से आए परिवार में पति की रिपोर्ट पॉजिटिव है, पत्नी व दोनों बच्चों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
ट्रक ट्रांसपोर्ट से भी बढ़ रहा खतरा, क्लीनर पॉजिटिव
तामिया के साजकुही का एक युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। युवक 23 जुलाई को इंदौर से लौटा था। पहले वह घर गया बाद में उसे सेल्टर होम भेजा गया। जहां से उसका स्वाव सेंपल जांच के लिए भेजा गया था। यह युवक ट्रक में क्लीनर का काम करता है। ट्रक खाली करने के बाद वह घर लौटा अब उसके परिवार पर भी संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है। वहीं सौंसर के पीपलानारायण वार में मुबंई शादी में गए एक परिवार में युवक का सेंपल पॉजिटिव आया है, जबकि परिवार के अन्य तीन सदस्यों के सेंपल नेगेटिव हैं।
Created On :   28 July 2020 7:02 PM IST