खेल मैदानों के विकास के लिए 100 करोड़

100 crores for the development of sports grounds
खेल मैदानों के विकास के लिए 100 करोड़
नागपुर खेल मैदानों के विकास के लिए 100 करोड़

डिजिटल डेस्क, नागपुर. शहर में खेल मैदानों के विकास के लिए राज्य सरकार 100 करोड़ रुपए देगी। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी की संकल्पना के आधार पर खेल मैदानों का विकास होगा। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसकी घोषणा की। रविवार को खासदार क्रीड़ा महोत्सव के समापन कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नागपुर शहर को क्रीड़ा क्षेत्र में उच्च स्थान दिलाने के लिए प्रयास किया जाएगा। खासदार क्रीड़ा महोत्सव का 15 दिन बाद यशवंत स्टेडियम में रंगारंग समापन हुआ। वर्ल्ड हेवी वेट चैम्पियन ग्रेट खली की उपस्थिति में आयोजित समारोह में उपमुख्यमंत्री बोल रहे थे।

मानकापुर क्रीड़ा संकुल बनाया जाएगा अत्याधुनिक

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने शहर में खेल विकास के लिए विविध संकल्पनाओं का उल्लेख किया। कार्यक्रम में विकास महात्मे, प्रवीण दटके, विकास कुंभारे, संदीप जोशी, पीयूष आंबुलकर, सुधाकर कोहले, सुधीर दिवे, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले उपस्थित थे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि खेल मैदान तैयार करने के लिए नागपुर सुधार प्रन्यास कार्य करेगा। धंतोली में यशवंत स्टेडियम के पुनर्विकास का प्रस्ताव है। उसके लिए सभी आवश्यक मंजूरी दे दी गई है। मानकापुर क्रीड़ा संकुल को अत्याधुनिक बनाने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। नागपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हाकी एस्ट्रोटर्फ मैदान तैयार किया जाएगा।

खेल से व्यक्तित्व विकास : गडकरी

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी ने कहा कि खेल से व्यक्तित्व विकास होता है। शहर में सभी खिलाड़ियों के लिए उत्तम मैदान तैयार कराए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि चंद्रशेखर बावनकुले के पालकमंत्री कार्यकाल में शहर में खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सराहनीय प्रयास किए गए। शहर विकास के विविध प्रकल्पों के साथ ही शहर और आसपास के क्षेत्रों में खेल संबंधी सुविधाओं के िलए सभी को योगदान देना होगा। शहर में 300 खेल मैदानों को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। खेल से व्यक्तित्व विकास राष्ट्र सेवा में याेगदान देगा।

अंकित तिवारी ने मंत्रमुग्ध किया

खासदार क्रीड़ा महोत्सव-5 के समापन समारोह में रविवार को धंतोली स्थित यशवंत स्टेडियम में प्लेबैक सिंगर अंकित तिवारी का लाइव कन्सर्ट हुआ। अंकित ने अपने गानों से युवाओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं ग्रेट खली को देखने के लिए मैदान पर युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा।

Created On :   23 Jan 2023 1:05 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story