- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 3 दिसंबर को भट सभागृह में दीक्षांत...
3 दिसंबर को भट सभागृह में दीक्षांत समारोह, 3.20 हजार खर्च कर रही यूनिवर्सिटी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। यूनिवर्सिटी का104 वां दीक्षांत समारोह 3 दिसंबर को रेशमबाग स्थित भट सभागृह में होगा। अखिल भारतीय तंत्र शिक्षा परिषद के अध्यक्ष डॉ.अनिल सहस्त्रबुद्धे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा। विश्वविद्यालय कुलगुरु डॉ.सिद्धार्थ विनायक काणे कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। प्र-कुलगुरु डॉ.प्रमोद येवले और विवि की चारों फैकल्टियों के अधिष्ठाता मंच पर उपस्थित होंगे। इस बार के दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय कुल 2 डी.लिट, 769 पीएचडी, 12 हजार 878 पोस्ट ग्रेजुएट और 43 हजार 610 ग्रेजुएट डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। प्रत्यक्ष डिग्री के अलावा दीक्षांत समारोह के तुरंत बाद यूजीसी के एनएडी पोर्टल पर डिग्रियां विद्यार्थियों के लिए डिजिटल फॉर्म में भी उपलब्ध रहेगी। इस वर्ष नागपुर विश्वविद्यालय डॉ.मालती साखरे को पाली भाषा में शोध कार्य के लिए डी.लिट डिग्री प्रदान करेगा। नागपुर विश्वविद्यालय में पाली विभाग 1958 में स्थापित हुआ था। तब से लेकर अब तक पहली बार ही इस विषय पर किसी ने शोध करके डी.लिट उपाधि प्राप्त की है। डॉ.साखरे विवि के पाली विभाग की ही छात्रा रही हैं। उनके अलावा विवि मराठी भाषा से डॉ.कादेरा तालीब शेख को भी डी.लिट प्रदान करेगा।
इन्हें मिलेगा गोल्ड मेडल : इस वर्ष दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय 169 विद्यार्थियों को कुल 296 गोल्ड मेडल, 42 विद्यार्थियों को सिल्वर मेडल और 100 पुरस्कार प्रदान करेगा। जी.एच.रायसोनी लॉ स्कूल के छात्र साहिल श्याम देवानी को 20 मेडल व पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसी तरह गोंदिया के धोटे बंधु विज्ञान महाविद्यालय की बीएससी की छात्रा निशा पिता देवानंद खोटले को 16 मेडल व गोल्ड मेडल प्रदान करेगा। इसी तरह नागपुर विवि के लॉ कॉलेज की तीन वर्षीय एलएलबी की छात्रा शीतल वासनिक को 14 मेडल और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
देशपांडे सभागृह में 50 हजार रुपए में हो जाता था कार्यक्रम
राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय अब तक अपना दीक्षांत समारोह सिविल लाइंस स्थित देशपांडे सभागृह में आयोजित करता था। मगर विश्वविद्यालय ने रविवार को होने वाला 104वां दीक्षांत समारोह धूम-धाम से मनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए विवि ने रेशमबाग स्थित कवि सुरेश भट सभागृह किराए पर लिया है। जानकारी के अनुसार यहां कार्यक्रम आयोजित करने के लिए विश्वविद्यालय को 2 लाख 20 हजार रुपए किराया और 1 लाख रुपए सुरक्षा डिपॉजिट यानी कुल 3 लाख 20 हजार रुपए जमा करने पड़े, जो विवि की जेब पर भारी पड़ा है। अब तक देशपांडे सभागृह में विवि को केवल 33 हजार रुपए किराया और 20 हजार रुपए सुरक्षा डिपॉजिट यानी कुल 53 हजार रुपए जमा करने पड़ते थे। भट सभागृह में दीक्षांत समारोह आयोजित करने का मोह विश्वविद्यालय को 6 गुना महंगा पड़ा है।

Created On :   1 Dec 2017 11:46 AM IST