- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- खेल-खेल में बच्ची के गले में फंसी...
खेल-खेल में बच्ची के गले में फंसी ओढ़नी, दम घुटने से मौत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। हुड़केश्वर थानांतर्गत एक 11 वर्षीय छात्रा के गले में ओढ़नी से फांसी लगने पर उसकी मौत हो गई। मृतक छात्रा का नाम स्नेहा दीपक चिंबारे है। छात्रा पांचवीं कक्षा की छात्रा थी। उसके परिवार में माता-पिता और छोटा भाई है। घटना के समय घर में उसकी मामी, और ममेरी बहन थी। दोनों बच्चियां कमरे के हाल में खेल रही थीं। खेल-खेल में न जाने कैसे उसका गला ओढ़नी में फंस कर कस गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना शनिवार को दोपहर करीब 1 बजे हुड़केश्वर क्षेत्र में हुई।
मामी की बेटी के साथ हॉल में खेलते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार महाकाली नगर गली नंबर-3 निवासी दीपक चिंबारे परिवार के साथ रहते हैं। उनके परिवार में पत्नी व छोटा बेटा है। 11 वर्षीय स्नेहा उनकी बड़ी बेटी थी। दीपक कैटरिंग का काम करते हैं। स्नेहा अपनी मामी की बेटी (स्नेहा की हमउम्र) के साथ घर के हाल में बंधी नायलॉन की रस्सी से ओढ़नी बांधकर खेल रही थी। स्नेहा के माता-पिता अपने-अपने काम पर गए थे। स्नेहा की मामी बेडरूम में आराम कर रही थी। स्नेहा का छोटा भाई घर के बाहर खेल रहा था। खेलते समय स्नेहा का गला न जाने कैसे ओढ़नी से कस गया, जिससे वह बेहोश हो गई।
5वीं कक्षा में पढ़ती थी लड़की
उसकी मामी की बेटी ने अपनी मां को बताया, तो वह दौड़कर हाल में पहुंची। स्नेहा के गले में फंसी अोढ़नी को तुरंत निकाला। वह कुछ बोल नहीं रही थी। उसकी मामी ने दीपक को सूचना दी। उसके बाद स्नेहा को मेडिकल अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलने पर हुड़केश्वर पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
Created On :   29 April 2018 3:16 PM IST