- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- हर्रई के दो गांव में गिरी बिजली, दो...
हर्रई के दो गांव में गिरी बिजली, दो की मौत, सात घायल

डिजिटल डेस्क, छिन्दवाड़ा/हर्रई। तेज बारिश के साथ आसमान से गिरी गाज ने हर्रई के दो गांव ग्राम रैय्याराव और सुंडेसोधी में कहर बरपाया है। शुक्रवार शाम तेज गरज चमक के साथ गिरी आकाशीय बिजली से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं सात लोग बुरी तरह से झुलस गए है। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने घायलों को हर्रई अस्पताल लाकर भर्ती कराया है। हर्रई थाना प्रभारी बलवंत सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम रैय्याराव में गिरी बिजली से दो ग्रामीण बुरी तरह से झुलस गए है।
दूसरी घटना सुंडेसोधी की है, जहां आकाशीय बिजली की चपेट में आई 65 वर्षीय बुजुर्ग नन्हीबाई पति भंगीलाल इरपाची और लखनादौन के ग्राम सागर के 22 वर्षीय विनीत पिता चतरुलाल इवनाती की मौत हो गई। वहीं घायलों में लखनादौन के ग्राम अरारी का 45 वर्षीय प्रकाश पिता शिवदयाल सल्लाम, 70 वर्षीय ईन्नाबाई पति शिवदयाल सल्लाम, महगवा निवासी 12 वर्षीय गोदावरी पिता किशनलाल, सुंडेसोधी निवासी 11 वर्षीय साक्षी पिता अंतलाल इरपाची, 8 वर्षीय अर्चना पिता अंतलाल इरपाची के अलावा रैय्याराव निवासी 40 वर्षीय नैनशा धुर्वे, 35 वर्षीय दीवारोबाई पति यशपाल धुर्वे को इलाज के लिए हर्रई अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रिश्तेदारी में आए थे सुंडेसोधी
पुलिस ने बताया कि मृतक लखनादौन के ग्राम सिवनी निवासी 22 वर्षीय विनीत इवनाती समेत अन्य लोग हर्रई के ग्राम सुंडेसोधी रिश्तेदारों के घर आए थे। अचानक हुई बारिश से बचने वे लोग मृतक बुजुर्ग नन्हीबाई के मकान में छिपे थे। इस दौरान आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में दो बैल भी मारे गए हैं।
मधुमक्खी के हमले से बुजुर्ग की मौत, 20 घायल
हर्रई के कोठरा स्थित धार्मिक स्थल में देव पूजा कर रहे बिछुआ के ग्रामीणों पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों से बचने भागा एक बुजुर्ग जमीन पर गिर गया। जिस पर झूमी मक्खियों ने काट-काटकर उसकी जान ले ली। वहीं लगभग 20 ग्रामीणों को मक्खियों ने बुरी तरह से काट लिया।
हर्रई थाना प्रभारी बलवंत सिंह ने बताया कि शुक्रवार दोपहर ग्राम बिछुआ से कुछ ग्रामीण देव पूजा के लिए कोठरा गए हुए थे। इस दौरान एक पेड़ के नीचे हवन-पूजन शुरू किया गया। ग्रामीणों ने यह ध्यान नहीं दिया कि पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता है। धुएं की वजह से मधुमक्खियों के झुंड ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस हमले में एक बुजुर्ग 60 वर्षीय चंद्रहंस पिता बैरागी मर्सकोले बुरी तरह से घायल हो गया। जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। वहीं गांव के लगभग 20 ग्रामीणों को मक्खियों ने बुरी तरह से काटा है।
Created On :   23 Jun 2018 1:29 PM IST