नकवी ने कहा - इस बार अकेले हज यात्रा पर जाएंगी 2340 महिलाएं, गडकरी के बयान को भी सराहा

2340 women will going on Haj pilgrimage alone : ​​Naqvi
नकवी ने कहा - इस बार अकेले हज यात्रा पर जाएंगी 2340 महिलाएं, गडकरी के बयान को भी सराहा
नकवी ने कहा - इस बार अकेले हज यात्रा पर जाएंगी 2340 महिलाएं, गडकरी के बयान को भी सराहा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि साल 2019 में देश से 2340 महिलाएं बिना मेहरम (बगैर पुरुष रिश्तेदार) के हज के लिए जाएंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने साल 2018 में बिना मेहरम के हज यात्रा पर लगाई गई पाबंदी को खत्म कर दिया था। इसके बाद पिछले साल 1300 महिलाएं बिना मेहरम के हज यात्रा पर गई थीं। सोमवार को नकवी ने हज हाऊस में हज 2019 के दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित किया। पत्रकारों से बातचीत में नकवी ने कहा कि पिछले साल हज सब्सिडी खत्म कर दी गई थी। लेकिन हज प्रक्रिया में पारदर्शिता और बिचौलियों की भूमिका खत्म किए जाने से हवाई किराए में कमी आई है। उन्होंने कहा कि हज-2019 के लिए 2 लाख 67 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिसमें से 1 लाख 64 हजार 902 आवेदन ऑनलाइन मिले हैं। 

जीएसटी घटने से 113 करोड़ का फायदा

उन्होंने कहा कि हज यात्रा पर लगने वाले 18 प्रतिशत जीएसटी को घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। जिससे साल 2019 में हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को 113 करोड़ रुपए की बचत होगी। इसके चलते इम्बार्केशन पाइंट से हज यात्रा के लिए किराए में कमी आएगी। जीएसटी कम होने के कारण औरंगाबाद से हज यात्रा करने वालों को 9 हजार 373 रुपए कम हवाई किराया चुकाना होगा। हज यात्रियों को श्रीनगर में 11 हजार 377 रुपए, अहमदाबाद में 7 हजार 305 रुपए, दिल्ली में 7 हजार 967 रुपए, गया में 11 हजार 27 रुपए, गुवाहाटी में 13 हजार 49 रुपए, रांची में 11 हजार 946 रुपए, कोलकाता में 9 हजार 787 रुपए और हैदराबाद में 7 हजार 204 रुपए कम किराया देना पड़ेगा। नकवी ने कहा कि साल 2018 में आजादी के बाद पहली बार रिकॉर्ड 1 लाख 75 हजार 25 मुस्लिम भारत से हज यात्रा के लिए गए थे। जिसमें लगभग 48 प्रतिशत महिलाएं शामिल थीं। पिछले साल हज यात्रियों की 57 करोड़ रुपए की बचत हुई थी। 

गडकरी का बयान बिल्कुल सही: नकवी

केंद्रीय मंत्री नकवी ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के चुनावी वादा पूरा नहीं करने वाले नेताओं की पिटाई वाले बयान का समर्थन किया है। नकवी ने कहा कि गडकरी का बयान बिल्कुल सही है। इसलिए हमने 100 प्रतिशत वादे पूरे कर दिए हैं। नकवी ने कहा कि गडकरी की बात का कोई यदि बतंगड़ बनाता है तो यह उसकी समस्या है। लेकिन गडकरी हमेशा इमानदारी के अपनी बात कहते हैं। 
 

Created On :   28 Jan 2019 2:08 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story