- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- गोंदिया के 40 स्वास्थ्य केन्द्रों...
गोंदिया के 40 स्वास्थ्य केन्द्रों पर लगेंगे 320 सीसीटीवी कैमरे

डिजिटल डेस्क, गोंदिया। शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों में बढ़ते अपराधिक मामलों पर निगरानी रखने के लिए जिले की सभी 40 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 320 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। जो राज्य का पहला अभिनव प्रयोग होगा।
फिलहाल राज्य के किसी भी जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे नहीं है। इस निर्णय से स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा के साथ ही अपराधिक मामलों पर अंकुश भी लगेगा। विगत कुछ वर्षों में शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य कर्मियों के साथ हाथापाई एवं अन्य अपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गोंदिया जिला परिषद के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के सभी 40 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया। जिसकी सारी प्रक्रिया पूर्ण हो गई है। जल्द ही जिले की सभी स्वास्थ्य केंद्रों में कैमरे लगाए जाएंगे।
लगेंगे 8-8 कैमरे
बता दें कि गोंदिया तहसील के भानपुर, एकोड़ी, रावणवाड़ी, काटी, कामठा, दासगांव, दवनीवाड़ा, मोरवाही एवं खमारी, तिरोड़ा तहसील की इंदोरा, वड़ेगांव, मुंडीकोटा, सुकड़ी डाक, गोरेगांव तहसील की कवलेवाड़ा, चोपा, सोनी, कुरहाड़ी, तिल्ली मोहगांव, आमगांव तहसील की बनगांव, ठाणा, कालीमाटी, तिगांव, सालेकसा तहसील के सातगांव, कावराबांध, दरेकसा, बिजेपार, देवरी तहसील के मुल्ला, फुटाना, ककोड़ी, घोनाड़ी, सड़क अर्जुनी तहसील के डव्वा, शेंडा, खोड़सिवनी, पांढरी, अर्जुनी मोरगांव तहसील की कोरंभीटोला, महागांव, गोठनगांव, चान्ना बाक्टी, केशोरी, धाबेपवनी इन सभी 40 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में अंदर 4 एवं बाहर 4 इस प्रकार कुल 8-8 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित कंपनी द्वारा सर्वे किया गया है। जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। सीसीटीवी कैमरे लगने से अपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगेगा। जिससे वहां कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा भी होगी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लेने वाला राज्य का पहला जिला गोंदिया है। इस अभिनव पहल की राज्य में सराहना हो रही है।
उपस्थिति के लिए बायोमीट्रिक प्रणाली
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत कई कर्मचारी एवं अधिकारी मुख्यालय में न रहते हुए दूर-दूर से अप-डाउन करते हैं। समय पर वे उपलब्ध नहीं होने से मरीजों की जान जोखिम में आ जाती है। कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर नियंत्रण रखने के लिए सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रशासन द्वारा बायोमीट्रिक मशीनें लगाई गई है। जिससे सभी को समय पर उपस्थित होना पड़ेगा एवं वे समय के पहले स्वास्थ्य केंद्र छोड़कर नहीं जा सकेंगे। उल्लेखनीय है कि इसके पहले भी शासन-प्रशासन द्वारा कई विभागों में बायोमीट्रिक प्रणाली क्रियान्वित की गई थी। जो विफल हुई है। अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में यह मशीनें कितनी उपयोगी साबित होती है? यह तो आने वाला समय ही बताएगा।
सीसीटीवी के जरिए होगी कर्मियों की सुरक्षा
स्वास्थ्य कर्मियों पर कई बार हमले होते हैं। विभिन्न अपराधिक घटनाएं भी घटित होती है। इन घटनाओं पर निगरानी रख कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए यह पहल की गई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का राज्य का यह पहला प्रयोग है। सर्वे किया गया। जल्द ही कैमरे लगाए जाएंगे।
(डा. श्याम निमगड़े, डीएचओ, गोंदिया)
Created On :   25 April 2018 2:07 PM IST