- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 52 दिनों में बांटना 606 करोड़ 50 लाख...
52 दिनों में बांटना 606 करोड़ 50 लाख फसल कर्ज, टारगेट पूरा करने जुटा विभाग

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राज्य सरकार ने जिले के किसानों को 1066 करोड़ का फसल कर्ज वितरित करने का टारगेट रखा था, लेकिन अब तक केवल 459 करोड़ 50 लाख का ही फसल कर्ज वितरित किया जा सका है। खरीफ मौसम खत्म होने में मात्र 52 दिन बचे हैं आैर इन 52 दिनों में 606 करोड़ 50 लाख का फसल कर्ज बांटना है। यह प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। जिला प्रशासन कर्ज वितरण का टारगेट पूरा करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहा है। कर्ज वितरण में मौसम भी एक बड़ी बाधा बन गई है। बारिश ने दगा देने से किसान बैंक से कर्ज लेने में संकोच कर रहे हैं।
राज्य सरकार ने किसानों के लिए हजारों करोड़ की कर्जमाफी देने के बाद नागपुर जिले के लिए खरीफ मौसम में फसल कर्ज बांटने का टारगेट 1066 करोड़ रखा था। यह कर्ज 30 सितंबर तक बांटना है। 31 जुलाई 2018 तक जिले में 45164 किसानों को 459 करोड़ 50 लाख का कर्ज बांटा गया है। यह आंकड़ा जिला प्रशासन की चिंता बढ़ाने के लिए काफी है। जिला प्रशासन की योजना 31 जुलाई तक 70 फीसदी कर्ज बांटने की थी, लेकिन बैंक अधिकारियों की बैठके लेने व किसान सम्मेलन लेने के बावजूद यह आंकड़ा 45 फीसदी तक भी नहीं पहुंच सका। जिला प्रशासन के पास अब केवल 53 दिन बचे हैं आैर इस दौरान 606 करोड़ 50 लाख का कर्ज किसानों को बांटना है। यह काम प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। अगर टारगेट पूरा नहीं हुआ तो अगले साल जिले के लिए बननेवाले कर्ज वितरण के टारगेट पर इसका असर हो सकता है। जिले में 2 लाख 80 हजार किसान हैं। करीब 1 लाख किसान फसल कर्ज लेंगे, ऐसा प्रशासन मानता है। अभी तक यह आंकड़ा 50 हजार को भी नहीं छू सका।
जिला प्रशासन यह मानकर चल रहा था कि जुलाई महीने में फसल कर्ज में तेजी आएगी आैर बड़ी संख्या में किसान कर्ज लेने के लिए बैंक पहुंचेंगे। मौसम का मिजाज बदलने से किसान कर्ज लेने में संकोच कर रहे हैं। बारिश दगा दे गई है। किसानों को दोबारा बुआई करनी पड़ सकती है। अभी कर्ज लें या बाद में, इसका निर्णय कई किसान नहीं कर पा रहे हैं। कर्ज लेने के बाद बारिश नहीं आई तो कर्ज लेना भारी पड़ सकता है। पिछले कई सालों से नागपुर समेत विदर्भ का किसान गिले व सूखे की मार झेल रहा है।
अब लाभार्थी किसानों तक पहुंचेंगे अधिकारी
जिले में कर्जमाफी का लाभ करीब 65 हजार किसानों को मिला है। इसमें से 15 हजार किसानों ने ही नया कर्ज लिया है। बाकी बचे 50 हजार किसानों को कर्ज लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उनकी समस्या समझी जाएगी। उन्हें क्या दिक्कत है आैर कहां दिक्कत आ रही है, इसे दूर करने की कोशिश होगी। जिला प्रशासन के अधिकारी इन 50 हजार किसानों से संपर्क करेंगे। जरूरत पड़ी तो अधिकारी-कर्मचारी इनके घर भी जाएंगे।
इसके अलावा अन्य जरूरतमंद किसानों को भी कर्ज लेने को कहा जाएगा। बदले मौसम ने भी कर्ज वितरण की गति पर असर डाला है। कर्ज वितरण में तेजी लाने के लिए हर शुक्रवार को किसानों के कैंप लेने आैर जिलाधीश द्वारा हर मंगलवार को बैंक अधिकारियों से बैठकें करने का दौर जारी है।
(अजय कडू, जिला उपनिबंधक सहकार विभाग नागपुर)
Created On :   9 Aug 2018 3:00 PM IST