- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 63 हजार किसानों को मिली कर्जमाफी और...
63 हजार किसानों को मिली कर्जमाफी और अब 12 हजार किसानों को मिलेगा का लाभ

डिजिटल डेस्क,नागपुर। राज्य सरकार ने अप्रैल 2001 से कर्जमाफी देने का फैसला करने के बाद जिले के 12 हजार आैर किसानों को कर्जमाफी का लाभ मिलेगा। सरकार इसके पूर्व अप्रैल 2009 से मार्च 2016 तक डेढ़ लाख तक कर्ज माफ कर चुकी है, इसका लाभ जिले के करीब 63 हजार किसानों को मिला है। इसमें 9 हजार ऐसे किसान हैं, जिनका कर्ज डेढ़ लाख से ज्यादा है आैर ये किसान केवल डेढ़ लाख की माफी के लिए पात्र हुए हैं।
कृषि विभाग के माध्यम से तैयारी की पूरी
मंत्रिमंडल ने अप्रैल 2001 से कर्जमाफी देने की घोषणा करने के बाद जिला प्रशासन ने इसके दायरे में आनेवाले लाभार्थियों की सूची कृषि विभाग के माध्यम से तैयार की। जिले के 12 हजार किसानों को सरकार के इस फैसले का लाभ होगा। इसमें नागपुर जिला मध्यवर्ति सहकारी (एनडीसीसी) बैंक के 8400 व राष्ट्रीयकृत बैंकों के 3600 लाभार्थी शामिल हैं। अप्रैल 2001 से मार्च 2016 तक जो कर्जमाफी मिलेगी, उसका लाभ जिले के करीब 75 हजार किसानों को मिलेगा। इस संबंध में जिला प्रशासन या सहकार विभाग को अभी तक आदेश या जीआर की कॉपी नहीं मिली, लेकिन आदेश यहां पहुंचने के पूर्व ही प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है।
30 फीसदी किसानों को ही कर्ज देते थे राष्ट्रीयकृत बैंक
राष्ट्रीयकृत बैंक एक दशक पहले तक किसानों को 30 फीसदी तक ही कर्ज बांटते थे। 70 फीसदी से ज्यादा कर्ज नागपुर जिला मध्यवर्ती सहकारी (एनडीसीसी) बैंक बांटता था। किसान कर्ज के लिए सबसे पहले एनडीसीसी बैंक ही पहुंचता था। इसीलिए नए लाभार्थियों में 8400 किसान एनडीसीसी बैंक से एवं केवल 3600 किसान विविध राष्ट्रीयकृत बैंकों के हैं।
डेढ़ लाख से ज्यादा कर्जवाले किसान कम
सरकार के ताजा फैसले का लाभ जिले के 12 हजार किसानों को मिलेगा। इसमें डेढ़ लाख से ज्यादा कर्जवाले किसानों की संख्या बहुत कम है। ताजा आदेश अभी तक नहीं मिला, लेकिन शीघ्र ही आदेश मिल जाएगा। एनडीसीसी व राष्ट्रीयकृत बैंकों से किसानों के आंकडे प्राप्त हुए हैं। जिले में कुल लाभार्थियों का आंकड़ा 75 हजार तक पहुंचेगा।
-सतीश भोसले, जिला उपनिबंधक सहकार विभाग नागपुर.
Created On :   28 April 2018 4:22 PM IST