मुंबई सहित विदर्भ में अलग-अलग सड़क हादसों में आठ की मौत, तीन गंभीर 

8 dead and 3 serious in different road accidents at Vidarbha including Mumbai
मुंबई सहित विदर्भ में अलग-अलग सड़क हादसों में आठ की मौत, तीन गंभीर 
मुंबई सहित विदर्भ में अलग-अलग सड़क हादसों में आठ की मौत, तीन गंभीर 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महानगर के विक्रोली इलाके में राशन से भरा एक ट्रक पलटने से उनकी चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसा गुरूवार रात पौने बारह बजे के करीब हुआ। पुलिस ने मामले में आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर छानबीन शुरू कर दी है। हादसा सूर्य नगर मार्ग पर हुआ जहां एक मोड़ पर राशन भरे ट्रक का पहिया नाले में जा फंसा और वह सड़क किनारे बैठे पांच लोगों पर पलट गया। हादसे का शिकार हुए सभी लोग स्थानीय निवासी हैं और खाने पीने के बाद सड़क किनारे बैठकर गप्पे लड़ा रहे थे। हादसे के तुरंत बाद मामले की जानकारी पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। जिसने मौके पर पहुंच कर ट्रक के नीचे फंसे पांचों लोगों के निकाला। सभी को नजदीकी राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनमें से चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अश्विन हिवरे, विशाल, अब्दुल शेख और चंद्रशेखर के रुप में हुई है। इसके अलावा बुरी तरह जख्मी चांद हसन शेख का इलाज जारी है। डीसीपी अखिलेश सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। 

विभिन्न हादसों में चार मृत, दो गंभीर 

उधर विदर्भ के गड़चिरोली, गोंदिया तथा वर्धा में घटी विभिन्न दुर्घटनाओं में चार लोगों की मृत्यु हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गड़चिरोली जिले की धानोरा तहसील अंतर्गत ग्राम कन्हारटोला के पास तेज रफ्तार दुपहिया ट्रैक्टर से टकरा गई जिससे दो लोगों की मृत्यु हो गई। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे के दौरान धानोरा-गड़चिरोली मार्ग के कन्हारटोला गांव के पास दुपहिया वाहन ओवरटेक करने के चक्कर में सामने से जा रहे ट्रैक्टर से टकरा गया। जिससे मेंढा (लेखा) निवासी श्रावण दामजी दर्रो (40) की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई जबकि रोशन मन्या दर्रो (18) ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। दूसरी दुर्घटना गोंदिया जिले के तिरोड़ा थानांतर्गत क्षेत्र के पालडोंगरी-भुराटोला नाले के समीप घटी।  तिरोड़ा पुलिस थानांतर्गत खैरलांजी मार्ग पर मालवाहक ने दुपहिया को जोरदार टक्कर मार दी जिससे दुपहिया चालक रवि नाईक (आंध्रप्रदेश) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तथा उसका साथी जगदीश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। शुक्रवार 19 अपै्रल को दोपहर 1 बजे के दौरान यह हादसा हुआ। वर्धा जिले में उमरेड-हिंगणघाट मार्ग पर सिर्सी से गिरड की ओर आ रही दुपहिया वाहन शुक्रवार शाम दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में चालक भोला दिगांबर कापटे (३५, पवनार) की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई जबकि उसका साथी सूरज अरुण कापटे (28, सेवा) मामूली रूप से घायल हो गया। 

Created On :   19 April 2019 3:52 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story