62 साल की वृद्धा के साथ हुई दरिंदगी, हालत गंभीर, आरोपी फरार

A 40 year old man raped 62 year old woman, victim severely injured
62 साल की वृद्धा के साथ हुई दरिंदगी, हालत गंभीर, आरोपी फरार
62 साल की वृद्धा के साथ हुई दरिंदगी, हालत गंभीर, आरोपी फरार

डिजिटल डेस्क, छिन्दवाड़ा/पांढुर्ना। पांढुर्ना के ग्राम मारूड के समीप स्थित ईटावा ढाना में इंसानियत शर्मसार हो गई। यहां एक 40 वर्षीय दरिंदे ने 62 साल की कमजोर और बीमार वृद्धा के साथ खेत में काम करने के दौरान बलात्कार किया। गंभीर अवस्था में वृद्धा को दूसरे दिन पांढुर्ना लाया गया, जहां से उसे किसी अन्य बीमारी का हवाला देते हुए नागपुर रेफर किया गया। नागपुर मेडीकल कॉलेज के ट्रामा यूनिट में 17 दिन तक इलाज के बाद वृद्धा को पांढुर्ना लाया गया। उसके बाद शुक्रवार को वृद्धा के परिजनों ने एक बार फिर इस आशय की शिकायत की। शुक्रवार की दोपहर पुलिस हरकत में आई और दोपहर बाद वृद्धा का मेडीकल कराकर आरोपी युवक प्रकाश टेकाम के खिलाफ मामला कायम किया गया। आरोपी दो दिन से फरार बताया जा रहा है।

बिना देखे वृद्धा को कर दिया था रेफर
एसआई संजीव कुमार त्रिपाठी और पिपला चौकी प्रभारी प्रिंसी साहू इस मामले की विवेचना कर रहे है। शुक्रवार की दोपहर पता चला कि गत 05 अगस्त की शाम ग्राम ईटावा ढाना में एक 62 वर्षीय वृद्धा काम कर रही थी। इस दौरान प्रकाश टेकाम नामक युवक ने उसके साथ जबरदस्ती की। जिससे उसके अंग क्षत-विक्षत हो गए। वृद्ध महिला शाम तक खेत में ही बेहोश पड़ी रही। दूसरे दिन दोपहर को उसे 108 एंबुलेंस से पांढुर्ना लाया गया।

06 अगस्त को दोपहर 3.10 बजे डॉ.जिग्नेश गोन्नाड़े ने झटके और अन्य बीमारी की टीप लिखते हुए वृद्धा को नागपुर रेफर कर दिया। वहां के ट्रामा सेंटर में 06 से 23 अगस्त तक वृद्धा का इलाज चलता रहा। गुरूवार को वृद्धा अपने गांव पहुंची, तब उसने अपने दो बेटे और पति को लड़खड़ाते शब्दों में आपबीती बताई। जिसके बाद परिजनों ने 100 डायल पर शिकायत की।

अस्पताल में एमएलसी के लिए करना पड़ा इंतजार
100 डायल से पीड़ित वृद्धा को दोपहर 3 बजे पांढुर्ना अस्पताल ला लिया गया। परंतु उसकी एमएलसी के लिए दो घंटों तक कोई महिला चिकित्सक अस्पताल नही आई। यहां स्टाफ नर्स ने बताया कि अस्पताल में पदस्थ तीनों महिला चिकित्सक छुट्टी पर है। आखिरकार तीगांव में पदस्थ डॉ.नम्रता गजभिए को एमएलसी के लिए बुलाया गया। करीब 5.15 बजे डॉ.नम्रता गजभिए ने वृद्धा की एमएलसी की, इस दौरान बीएमओ डॉ.एचपी चौहान, डॉ.विनीत श्रीवास्तव और डॉ.नितिन उपाध्याय मौजूद रहे। इस मामले में पीड़ित महिला को गत 06 अगस्त को अस्पताल लाया गया था, परंतु उस दिन जांच के दौरान डॉक्टर उसके साथ हुई दरिंदगी को नहीं भांप पाए थे। घटना के अठारह दिनों बाद एमएलसी में इस बात की पुष्टी हो पाई।

इनका कहना:
परिजनों ने वास्तविकता की जानकारी आज सुबह दी। मामला संवेदनशील है। आरोपी के खिलाफ धारा 376 और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा चुका है। वृद्धा के सघन उपचार की व्यवस्था बनाई जा रही है।
-गोपाल घसले, टीआई, पुलिस थाना पांढुर्ना।

Created On :   24 Aug 2018 6:09 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story