- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार दंपती...
तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार दंपती को रौंदा, मौत

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। सिवनी रोड स्थित रामगढ़ी के समीप मंगलवार रात एक तेज रफ्तार चौपहिया ने बाइक सवार दंपती को रौंद दिया। टक्कर के बाद चौपहिया वाहन में फंसकर दंपती लगभग 50 मीटर दूर तक घिसटते रहे। बाइक को टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। इस हादसे में गंभीर रुप से घायल पति की मौके पर मौत हो गई। वहीं पत्नी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस अज्ञात फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है।
एसआई पारसनाथ आर्मो ने बताया कि मंगलवार रात लगभग 11.30 बजे छिंदवाड़ा से उमरिया इसरा निवासी 42 वर्षीय संतोष पिता गुमान सिंह डेहरिया और उसकी पत्नी 35 वर्षीय अनिता पति संतोष डेहरिया बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान प्रिंस ढ़ाबा से आगे रामगढ़ी के समीप सिवनी की ओर से आ रही अज्ञात चौपहिया ने उनकी बाइक को रॉंग साइड में आकर टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चौपहिया में बाइक समेत फंसकर दंपती लगभग 50 मीटर दूर तक घिसटते गए। हादसे में संतोष डेहरिया की मौके पर मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अनिता को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान अनिता डेहरिया ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
सब्जी की दुकान चलाते थे पति-पत्नी-
उमरियाइसरा निवासी संतोष डेहरिया और उसकी पत्नी अनिता डेहरिया शनिचरा बाजार स्थित मंडी में सब्जी की दुकान चलाते थे। सब्जी बेचकर परिवार का भरण पोषण करने वाली दंपती की सड़क हादसे में मौत हो गई। अब परिवार में एक 17 वर्षीय बेटी और छोटा बेटा है।
Created On :   27 Nov 2019 10:35 PM IST