- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- घूरने से नाराज शख्स ने ले ली जान एक...
घूरने से नाराज शख्स ने ले ली जान एक और को किया घायल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अपनी तरफ लगातार देखने से नाराज एक शख्स ने दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में एक 30 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दूसरा बुरी तरह जख्मी हो गया। घटना मुंबई के नागपाड़ा इलाके की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम फाजिल मुहम्मद अंसारी है। वारदात में घायल हुए मुहम्मद रिजवान कुरैशी ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त मुहम्मद रशीद अंसारी के साथ मदनपुरा इलाके के छत्रीवाला चाल में खड़ा होकर बात कर रहा था। तभी आरोपी फाजिल उनके पास पहुंचा और सवाल किया कि वे दोनों उसे काफी समय से क्यों घूर रहे हैं।
इसके बाद विवाद बढ़ा और फाजिल ने दोनों पर चाकू से वार कर दिया। हमले में कुरैशी और अंसारी घायल हो गए। दोनों को जेजे अस्पताल ले जाया गया जहां अंसारी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं आरोपी मौके से फरार हो गया था। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 307 के अलावा भारतीय आर्म्स एक्ट की धारा 4, 27 के तहत एफआईआर दर्ज आरोपी की तलाश शुरू की और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया। सीनियर इंस्पेक्टर संजय बसवत ने बताया कि आरोपी ने स्वीकार किया है कि लगातार घूरने से नाराज होकर उसने दोनों लोगों पर हमला किया था। मामले की छानबीन की जा रही है।
ड्रम में मिला अज्ञात महिला का शव
गोवंडी के शिवाजी नगर इलाके में एक ड्रम में करीब 35 वर्षीय महिला का शव मिला है। शव बोरे में बंद कर ड्रम में डाला गया था। नटवर पारेख कंपाउंड में रखे इस ड्रम से बदबू आने के बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है। शिवाजी नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
Created On :   12 May 2018 7:12 PM IST