- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- मजदूरों से भरी पिकअप खाई में गिरी,...
मजदूरों से भरी पिकअप खाई में गिरी, महिला की मौत

डिजिटल डेस्क तामिया/छिंदवाड़ा। माहुलझिर थाना क्षेत्र के रैनीखेड़ा के समीप मजदूरों से भरा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर लगभग बीस फीट गहरी खाई में जा गिरा। शुक्रवार दोपहर को हुए इस हादसे में एक मजदूर महिला की मौत हो गई। वहीं सात मजदूरों को गंभीर चोट आई है। पिकअप में 18 मजदूर और चने की बोरियां भरी थी। पुलिस ने रेस्क्यू कर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि धमनिया और बिजोरी के मजदूर रायसेन के बरेली मजदूरी के लिए गए थे। शुक्रवार दोपहर मजदूर पिकअप वाहन पर सवार होकर शुक्रवार को वापस गांव लौट रहे थे। माहुलझिर थाना क्षेत्र के रैनीखेड़ा के समीप पिकअप वाहन एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। पिकअप वाहन लगभग बीस फीट गहरी खाई में पलटा था। वाहन में सवार एक महिला मजदूर बसंती की मौत हो गई। वहीं घायलों को परिवार सेवा कुटीर की दो एम्बुलेंस से जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना में इन्हें आई गंभीर चोट-
शुक्रवार दोपहर हुए हादसे में जूनाढाना निवासी सेवलाल बरकड़े, तुरसी निवासी 22 वर्षीय गंगावती पति अमित उईके, धमनिया निवासी 60 वर्षीय हरवंशीबाई, धमनिया निवासी 17 वर्षीय दुरवती उईके, 19 वर्षीय सुनीता उईके, 20 वर्षीय सनवती उईके, शिवानी पिता सुरेन्द्र को गंभीर चोटें आई है।
Created On :   1 April 2022 10:39 PM IST