- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- स्टेट बैंक कॉलोनी में पत्थर पटक कर...
स्टेट बैंक कॉलोनी में पत्थर पटक कर महिला की हत्या, पति पर शक

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। शहर के रामबाग से लगी स्टेट बैंक कॉलोनी में बुधवार शाम एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। महिला पर पत्थर पटककर हत्या की गई है। मृतका के सिर पर पत्थर से गहरे घाव बताए जा रहे है। मृतका प्रीति पति पवन डेहरिया (35) के 10 वर्षीय बेटे शुभम ने बताया कि वह अपनी बड़ी बहन शिवानी (17) के साथ शाम लगभग पांच बजे क्षेत्र में लगे मढ़ई मेला गया था। जब वे वापस लौटे तो घर में मां खून से सनी हुई पड़ी थी। घर पर पिता पवन डेहरिया भी नहीं था। घबराए भाई-बहनों ने मकान मालिक और पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी।
हत्या की सूचना के बाद मौके पर पुलिस टीम पहुंच गई थी। एसपी गौरव तिवारी ने बताया कि हिंदुस्तान लीवर में काम करने वाला पवन डेहरिया अमरवाड़ा के ग्राम महलोन का रहने वाला है। जो अपने परिवार के साथ स्टेट बैंक कॉलोनी में कलीराम साहू के मकान में किराए से रह रहा था। वहीं पड़ोसियों से पूछताछ में सामने आया है कि पवन शाम 5 बजे के आसपास घर की सीढिय़ां चढ़ता हुआ दिखाई दिया था, लेकिन वापस नीचे उतरते नहीं दिखाई दिया। इस मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। घटना के बाद से पति पवन फरार है। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। इस वजह से उस पर संदेह बताया जा रहा है।
महिला की साड़ी बांधकर उतरा बिल्डिंग से
हत्या के बाद आरोपी मृतका की साड़ी बांधकर दीवार के सहारे पीछे वाली गली में उतरा और वहां से भाग गया। पुलिस के मुताबिक पति और पत्नी के बीच विवाद था। संभावना जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते पवन ने पत्नी प्रीति के सिर पर पत्थर पटककर उसकी हत्या की है।
चौकी में दर्ज है गुमशुदगी
चरित्र संदेह के चलते पति की मारपीट से परेशान प्रीति डेहरिया बीते एक माह पहले घर छोड़कर कहीं चली गई थी। पवन ने धरमटेकड़ी चौकी में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। कुछ दिनों बाद प्रीति वापस लौट आई थी और उनमें सुलह हो गई थी कि वे राजी खुशी एक साथ रहेंगे। इसके बाद भी उनके बीच हमेशा विवाद बना हुआ था।
आंगन में पड़ा था पत्थर
मृतका के घर के आंगन में पत्थर और खून पड़ा हुआ था। संभावना जताई जा रही है कि विवाद के दौरान पति ने आंगन में पत्नी के साथ पत्थर से मारपीट की। घायल महिला घर के अंदर जाकर गिरी और रक्त अधिक बहने की वजह से उसकी मौत हो गई।
मकान किया सील
टीआई रत्नेश मिश्रा ने बताया कि रात होने की वजह से फॉरेंसिक जांच नहीं हो पाएगी। इस वजह से रात में घर सील किया जा रहा है। गुरुवार सुबह फॉरेंसिक टीम घटना स्थल से साक्ष्य जुटाएगी।
Created On :   25 Oct 2017 11:17 PM IST