- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- गर्भवती महिला की संदेहास्पद मौत,...
गर्भवती महिला की संदेहास्पद मौत, पति और उसकी प्रेमिका से पूछताछ

डिजिटल डेस्क, नागपुर। गर्भवती महिला की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। महिला को जहरीली दवा का सेवन की हुई हालत में पाया गया। चार वर्ष पहले उसने घर से भागकर प्रेम विवाह किया था। पति और उसकी प्रेमिका संदेह के घेरे में है। दोनों से सोमवार को दिनभर पुलिस ने पूछताछ की। पारड़ी थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। मृतका वैष्णवी विक्की शहा (20), अंतुजी नगर में किराए से रहती थी। वैष्णवी ने अपने घर में किराए से रहने वाले विक्की के साथ भाग कर प्रेम विवाह िकया था। विक्की मूलत: बिहार के भागलपुर जिले का निवासी है। वर्तमान में उसके माता-पिता चंद्रपुर में रहते हैं। पहले वह नागपुर में वैष्णवी के घर में ही िकराए से रहते थे। इसी दौरान वैष्णवी और विक्की के बीच प्रेम संबंध स्थापित हुए। वैष्णवी की मां सुनीता और पिता सुनील बांते ने बताया कि, शादी के बाद सबकुछ ठीक-ठाक चल रहा था। धीरे-धीरे विक्की के बर्ताव में बदलाव आने लगा। वह वैष्णवी के साथ मारपीट करने लगा था। कई-कई दिन काम का हवाला देकर घर से गायब रहने लगा था। विक्की ने नागेश्वर नगर में भी किराए का कमरा ले रखा था। इस कमरे में वह गोदिंया से भगा कर लाई अपनी प्रेमिका के साथ रहता था। इस बात को लेकर वैष्णवी और विक्की में कई बार विवाद भी हुआ। यह सभी बातें वैष्णवी ने अपनी मां को फोन पर बताई थीं। यह सुनकर मां सुनीता ने वैष्णवी को विक्की को छोड़कर वापस घर आने की सलाह दी थी। जब वैष्णवी ने यह बात विक्की से कही तो उसने ऐसा करने पर उसके माता-पिता और भाई-बहन को जान से मारने की धमकी दी थी। घटना के दिन रविवार को वैष्णवी चंद्रपुर में ननद की अंत्येष्टि में शामिल होने के बाद नागपुर आयी थी, लेकिन विक्की बहन की अंत्येष्टि में भी काम का बहाना कर नहीं गया था। नागपुर आने के बाद वैष्णवी नागेश्वर नगर में जहां विक्की प्रेमिका के साथ किराए के कमरे में रहता था, वहां पहुंची। वहां विक्की और उसकी प्रेमिका के साथ वैष्णवी के साथ विवाद हुआ। प्रत्यक्षदर्शी मकान मालिक के अनुसार रात को विक्की और उसकी प्रेमिका वैष्णवी को बेहोशी की हालत में ऑटो में डालकर अंतुजी नगर लेकर आए थे। उसकी हालत देखकर उसे बाद में मेयो अस्पताल ले गए। जहां उपचार के पूर्व डाक्टरों ने वैष्णवी को मृत घोषित किर दिया। पुलिस के अनुसार वैष्णवी की जहर पीने से मौत हुई, लेकिन उसने खुद जहर पीया या पिलाया गया, यह बात साफ नहीं हुई है। वैष्णवी छह माह की गर्भवती थी। निरीक्षक सुनील चव्हान ने बताया कि, प्रकरण की जांच पड़ताल जारी है। पोटमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के कारण का सही पता चलेगा। सोमवार को दिन भर विक्की और उसकी प्रेमिका से पूछताछ जारी रही।
कार्रवाई करने पर पुलिस को दी गाली , सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने का मामला दर्ज
उधर ड्रंक एंड ड्राइव कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए काटोल रोड पर तनाव का माहौल बना रहा। कार्रवाई करने से यातायात पुलिस विभाग के एक सिपाही से गाली गलौज की गई है। इस कारण गिट्टीखदान थाने में आरोपी के खिलाफ सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार ज्ञानेश्वर चपके नामक पुलिस सिपाही शहर पुलिस के सदर यातायात विभाग में कार्यरत है। रविवार की रात में करीब नौ बजे के दौरान विभाग के कर्मचारी काटोल रोड स्थित पुलिस गैस गोदाम के सामने तैनात थे। डंकन ड्राइव कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा था। जिसके चलते नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ जांच पड़ताल के बाद कार्रवाई की जा रही थी। इस बीच संदेह होने से पुलिस ने बुलेट वाहन क्र.एमएच 31 ईटी 3610 के चालक सूरज किशनजी शिवरकर 39 वर्ष गड्डीगोदाम निवासी को रोक लिया। सूरज के मुंह से शराब की बदबू आ रही थी। इस कारण ज्ञानेश्वर ने उसे अपना वाहन सड़क किनारे लगाने को कहा था। इस बात को लेकर ज्ञानेश्वर और सूरज में जमकर विवाद हुआ। डयूटी पर तैनात पुलिस सिपाही ज्ञानेश्वर से गाली-गलौज की गई। हंगामा देखकर वहां पर और भी लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। इस बीच घटित प्रकरण को लेकर कुछ समय के लिए तनाव का माहौल भी बना रहा। घटना का पता चलते ही विभाग के अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे। इस बीच सूरज के खिलाफ सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने का मामला दर्ज किया गया है,हालांकि घटना को लेकर संदेह भी व्यक्त किया जा रहा है। बहरहाल देर रात में सिपाही ज्ञानेश्वर की शिकायत पर सूरज के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। सोमवार की दोपहर को अदालत में पेश कर उसे जमातन पर छोड़ दिया गया है। आगे की जांच जारी है।
Created On :   25 Nov 2019 3:44 PM IST