यू-ट्‌यूब देखकर सीखा चोरी करने का आइडिया, बंटी-बबली चढ़े हत्थे

Accused learned idea of stealing by watching YouTube, arrested
यू-ट्‌यूब देखकर सीखा चोरी करने का आइडिया, बंटी-बबली चढ़े हत्थे
यू-ट्‌यूब देखकर सीखा चोरी करने का आइडिया, बंटी-बबली चढ़े हत्थे

डिजिटल डेस्क, नागपुर। यू-ट्यूब देखकर चोरी करने का आइडिया सीखने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने धरदबोचा। आरोपियों के नाम शैलेष वसंता डुंबरे ( 29), वराडकर ले-आउट, संतकृपा नगर, हजारीपहाड़ और प्रिया (21), सुरेंद्र नगर, बजाज नगर निवासी है। पुलिस ने इन दोनों आरोपियों से महंगी कार सहित करीब 10 लाख रुपए का माल जब्त किया है। दोनों ने यू-ट्यूब पर चाेरी करने के तरीके सीखे उसके बाद चोरी करने के लिए लगने वाले औजार को बाजार से खरीदा। उसके बाद रात में बंद मकान में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने लगे। उच्च शिक्षित इस बंटी और बबली अब तक करीब 6-7 चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। इन दोनों को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने धरदबोचा।

पुलिस ने दोनों पर नजर रखना शुरू किया

पुलिस सूत्राें के अनुसार मानकापुर क्षेत्र में गत 6 माह में चोरी की कई वारदातें हुईं। पुलिस ने कुछ जगह के सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो उन्हें एक ऑरेंज रंग की कार का चोरी के समय उपयोग किए जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने इस रंग की कार की खोजबीन शुरू की। पुलिस कर्मचारी संतोष राठोड़ और राजेश वरठी को उक्त रंग की संदिग्ध कार गोरेवाड़ा स्थित एक बंगले में नजर आई। दोनों पुलिसकर्मी उस कार पर दिनभर नजर रखने लगे। बंगले में एक युवक और एक युवती को देखा गया। दोनों के अलावा उस बंगले में कोई हलचल पुलिस को दिखाई नहीं दे रही थी, जिससे पुलिसकर्मियों का इन दोनों पर संदेह और गहरा हो गया। पुलिस ने इन दोनों की हलचल पर नजर रखना शुरू कर दिया। पुलिस ने इन दोनों को संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए थाने बुलाया। दोनों ने अपना नाम शैलेश और प्रिया बताया। शैलेश एमबीए कर चुका है। प्रिया बी.ए. फाइन आर्ट की शिक्षा ले चुकी है। पुलिसिया पूछताछ में दोनों ने चोरी करने की बात कबूल कर ली। दोनों आरोपियों के खिलाफ मानकापुर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।

आलीशान कार और बंगले का देखा था सपना

शैलेष और प्रिया का सपना था कि, उनके पास आलीशान कार और बंगला हो। इस सपने को पूरा करने के लिए दोनों ने चोरी करना शुरू कर दिया था। इन दोनों ने सबसे पहले यू-ट्यूब पर चोरी करने की तरीके के कई वीडियो देखे। उसके बाद दोनों ने चोरी करने की योजना बनाई और बाजार से सेंधमारी करने के लिए हैंडी गैस सिलेंडर, पाइप कटर, पेचकस व अन्य सामग्री खरीदी। पुलिस ने इन दोनों आरोपियों से कार, दो लैपटॉप, सोने के गहने, अमेरिकन डॉलर्स जब्त किए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मानकापुर थाने के थानेदार वजीर शेख व सहयोगियों ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Created On :   29 Oct 2019 4:50 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story