- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- प्रशासन ने हटाई शिवाजी की प्रतिमा,...
प्रशासन ने हटाई शिवाजी की प्रतिमा, भड़का आक्रोष

नगर बंद कराया, चकाजाम हुआ, नगर में निकली रैली, विधायक के आश्वासन पर शांत हुआ मामला
डिजिटल डेस्क छिन्दवाड़ा/ सौंसर। सौंसर में प्रशासन ने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा हटाने पर नगर में आक्रोष भड़का। हिंदूवादी संगठनों ने एकजुट होकर प्रशासन के इस निर्णय का विरोध किया। नगर बंद रखा वहीं नागपुर मार्ग पर चका जाम किया। विरोध प्रदर्शनकर्ताओं ने प्रशासन पर एक वर्ग विशेष को लाभ पहुुंचाने का आरोप लगाया। विधायक विजय चौरे के इस आश्वासन पर मामला शांत हुआ कि प्रतिमा लगाने की अनुमति के लिए नगर पालिका प्रस्ताव पारित करेंगी।
नगर के मोहगांव तिराहे पर एक कोने में सोमवार-मंगलवार की रात्रि में नगर के हिन्दूवादी संगठनों ने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित की थी। प्रशासन को खबर लगने पर एसडीएम ओम प्रकाश सनोडिया के निर्देश पर उक्त स्थान से सुबह प्रतिमा हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। इसका हिंदूवादी संगठनों ने विरोध किया। नगर में खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मोहगांव तिराहे पर इक_ा हुए और प्रतिमा को यथावत रखने की मांग करने लगे। प्रशासन द्वारा ऐसा करने से मना करने पर प्रदर्शनकारियों ने नगर बंद की घोषणा कर दी। मौके पर पहुंचे प्रशासन के अधिकारी प्रदर्शनकारियों को मनाने की कोशिश करते रहे लेकिन सफलता नहीं मिली।
दो घंटे बंद रहा एनएच मार्ग-
मोहगांव तिराहे पर प्रदर्शनकारियों ने सुबह 9 बजे से नागपुर-छिंदवाड़ा मार्ग पर चकाजाम कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों में मात्र स्कूल बसों को जाने दिया। चकाजाम सुबह 11 बजे खुला।
हमने आवेदन दिया था
मोहगांव तिराहे पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित करने के लिए युवा संगठन लंबे समय से मांग करते आ रहा है। बीते दिवस इस संबंध में प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा था। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रशासन जानबुझकर उनकी मांग पर ध्यान नहीं दे रहा था।
नगर में रैली निकली
प्रशासन के खिलाफ हिंदूवादी संगठनों ने नगर में रैली निकाली। प्रतिमा स्थल से निकली रैली ने नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण किया।
इनका कहना है
मोहगांव तिराहे पर अनाधिकृत रूप से प्रतिमा स्थापित की गई थी। इस संबंध में शिकायत मिलने पर यह कार्रवाई की गई है।
-ओमप्रकाश सनोडिया एसडीएम।
हम बीते कई वर्ष से मोहगांव तिराहे पर प्रतिमा स्थापित करने की मांग कर रहे है। कल प्रतिमा की स्थापना हिंदूवादी संगठनों ने की है।
-प्रदीप बिघाने अध्यक्ष शिवराया युवा संगठन।
-शिवाजी महाराज की प्रतिमा लगाने की विधिवत प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। प्रशासन को इस संबंध में निर्देशित किया है।
-विजय चौरे विधायक।
Created On :   11 Feb 2020 3:24 PM IST