- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- 397 वर्ष बाद करीब आए गुरु-शनि, अब...
397 वर्ष बाद करीब आए गुरु-शनि, अब वर्ष 2080 में देखने मिलेगा ऐसा दृश्य

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। सोमवार को गुरु एवं शनि के मिलन की अनोखी एवं दुर्लभ खगोलीय घटना हुई। 21 दिसंबर की रात बृहस्पति ग्रह और शनि ग्रह एकदम पास रहे। इन दोनों के बीच सिर्फ 0.1 डिग्री की दूरी रह गई। इस घटना को ग्रेट कंजक्शन कहा जाता है। करीब 397 वर्ष बाद शनि-गुरु इतने पास आए। इस दुर्लभ खगोलीय घटना को देखने शहरवासियों में भारी उत्सुकता रही। सोमवार की शाम चॉवक लॉन में खगोलविद संदीप चॉवक के मार्गदर्शन में शहरवासियों ने विशेष टेलिस्कोप के माध्यम से इस खगोलीय घटना का नजारा देखा। उन्होंने उपस्थितजनों को इस खगोलीय घटना के संबंध में उपयोगी जानकारी भी दी। श्री चावक ने बताया कि हर 20 साल में गुरु और शनि करीब आते हैं, लेकिन इस बार इन ग्रहों के बीच की दूरी सिर्फ 0.1 डिग्री रही। ऐसा करीब 397 सालों के बाद हुआ। इससे पहले 1623 में ये दोनों ग्रह इतने पास आए थे। इसके बाद 2080 में गुरु-शनि इतनी पास दिखाई देंगे। सतपुड़ा साइंस क्लब के आकाश लालवानी एवं सूरज लालवानी ने बताया कि यह दोनों ग्रह इससे पहले 17 वीं शताब्दी में महान खगोलविद गैलीलियो के जीवनकाल में जुलाई, 1623 में एक-दूसरे के इतना करीब आए थे। इस बार मौसम अनुकूल होने से सोमवार को सूर्यास्त के बाद खगोल शास्त्र में रुचि रखने वालों ने चॉवल लॉन में उपस्थित होकर इस अद्भुत एवं दुर्लभ खगोलीय घटना का नजारा देखा।
Created On :   21 Dec 2020 11:10 PM IST