कोरोना से मरीज की मौत के बाद शव नहीं देने पर होप हॉस्पिटल में तोड़फोड़

After death of the Corona patient, vandalized for not giving the body
कोरोना से मरीज की मौत के बाद शव नहीं देने पर होप हॉस्पिटल में तोड़फोड़
कोरोना से मरीज की मौत के बाद शव नहीं देने पर होप हॉस्पिटल में तोड़फोड़

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कामठी रोड स्थित होप हॉस्पिटल में एक कोरोना मरीज (महिला) का शव नहीं दिए जाने से परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मृत महिला के पति ने अपने कुछ मित्रों के साथ हॉस्पिटल में तोड़फोड़ कर रिसेप्शन काउंटर को जलाने का प्रयास किया। अस्पताल प्रशासन की शिकायत पर पांचपावली पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने 10 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार 30 मार्च को सुनीता पाली (29) को होप हॉस्पिटल में उपचार के लिए भर्ती किया गया था। जांच में उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। इस बीच शनिवार की सुबह 11 बजे सुनीता की मौत हो गई। उसके बाद सुनीता का पति राकेश और उसके परिचित शव लेने अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टर ने शव देने से मना कर दिया। डॉक्टर ने परिजनों को बताया कि कोरोना पॉजिटिव होने के कारण इसकी जानकारी मनपा को दी जाएगी और मनपा को ही शव सुपुर्द करना पड़ता है। इस बात को लेकर परिजनों ने विवाद किया। 
कार्रवाई की जा रही है

किशोर नगराले, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, पांचपावली के मुताबिक होप हॉस्पिटल में मृत कोरोना पॉजिटिव महिला का शव नहीं देने के कारण महिला के पति ने अपने मित्रों के साथ हंगामा किया और वहां तोड़फोड़ की। रिसेप्शन एरिया जलाने की कोशिश की गई। पुलिस ने सभी को हिरासत में लिया है। उचित कार्रवाई की जा रही है। 

हमने कहा मनपा को देंगे शव

डॉ. मुरारी बी. के., मुख्याधिकारी, होप हॉस्पिटल के मुताबिक मृत महिला के पति को इतना कहा था कि कोरोना पॉजिटिव होने के कारण शव नहीं दिया जा सकता है। नियमानुसार शव मनपा को सौपेंगे। इस बात को लेकर मृतका के परिजनों ने विवाद किया। बाद में महिला का पति कुछ लोगों को लेकर आया और हंगामा व तोड़फोड़ किया। बिल का कोई विषय नहीं था। घटना के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। 
  
मौके पर पहुंचे डीसीपी : दोपहर तीन बजे के बाद मृतका का पति अपने कुछ मित्रों के साथ अस्पताल पहुंचा। उसके बाद अस्पताल में हंगामा करते हुए कुछ स्थानों पर तोड़फोड़ की। अस्पताल का रिसेप्शन काउंटर जलाने का प्रयास किया गया। इस दौरान घटना की जानकारी पांचपावली पुलिस को दी गई। जोन-3 के डीसीपी लोहित मतानी के नेतृत्व में पांचपावली थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक किशोर नगराले मौके पर पहुंचे।  उसके बाद स्थिति नियंत्रण में कर हंगामा करनेवाले 10 से अधिक लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। 

Created On :   4 April 2021 10:50 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story