- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर में रोज 26 लोग हो रहे...
Nagpur News: नागपुर में रोज 26 लोग हो रहे श्वानों का शिकार , 1.80 लाख आवारा श्वान मौजूद

Nagpur News शहर में आवारा श्वानों की समस्या काफी बढ़ गई है। बस्तियों, कालोनियों, रास्तों पर आवारा श्वानों का झुंड नजर आ रहा है। मनपा के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शहर में रोज औसतन 26 नागरिकों को श्वानों का शिकार होना पड़ रहा है। मनपा के आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल 2024 से जून 2025 के बीच 11873 नागरिक आवारा श्वानों के शिकार हो चुके हैं। अप्रैल 2024 से 31 मार्च तक 9398 और 1 अप्रैल से जून 2025 तक 2475 नागरिकों को श्वानों ने काटा है। मनपा के पशु चिकित्सा विभाग से श्वानों की आबादी को नियंत्रण करने के साथ ही वैक्सीनेशन करने और घायल श्वानों को शेल्टर होम में रखने की व्यवस्था की जा रही है।
20 हजार 309 का टीकाकरण : वर्ल्डवाइड वेटरनरी संगठन से विश्व में रैबिजमुक्त अभियान का संचालन हो रहा है। ऐसे में मनपा के पशुचिकित्सा विभाग के साथ मिलकर 1 से 30 सितंबर तक विशेष अभियान चलाया गया। इसमें शहर में करीब 20309 वैक्सीन दी गई है। संगठन से वैक्सीन और चिकित्सकों के साथ ही तकनीकी सहयोग प्रदान किया गया, जबकि मनपा से श्वानों को पकड़ने, वाहन उपलब्ध कराने और और आपातकालीन औषधि उपलब्ध कराई गई है। मनपा से गूगल फार्म के माध्यम से शहर के श्वान प्रेमियों और संगठनों से जानकारी लेकर संबंधित इलाके में आवारा श्वानों को वैक्सीन दी गई है।
3 एजेंसियों को जिम्मेदारी : मनपा ने दो साल पहले श्वानों की नसबंदी की जिम्मेदारी 3 एजेंसियों को दी है। एनिमल बर्थ कंट्रोल अभियान के तहत 56997 श्वानों की नसबंदी की गई है। इसमें से वेटस फार एनिमल संस्था के भांडेवाड़ी केंद्र पर 12779 नर, 14027 मादा समेत 26800 और कृष्णा सोसायटी के गोरेवाड़ा केंद्र पर 12551 नर और 10243 मादा समेत 22794 का समावेश है, जबकि स्वतंत्र एनिमल वेलफेयर सोसायटी के महाराजबाग केंद्र में 3574 नर और 3829 मादा समेत 7403 शवानों की नसबंदी हुई है। उपाय योजना के बाद भी शहर में 1.80 लाख आवारा श्वान हैं।
नया शेल्टर होम प्रस्तावित : मनपा प्रशासन ने हाल ही में भांडेवाड़ी में नए शेल्टर होम के लिए कार्यादेश जारी किया है। करीब 1.50 एकड़ जगह पर 5 करोड़ की लागत से डाॅग शेल्टर होम बनाया जाएगा। इस शेल्टर होम में 240 घायल और बीमार श्वानों को रखने की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही श्वानों के इलाज के लिए चिकित्सक, औषधि समेत अन्य व्यवस्था भी होगी।
हाई कोर्ट में भी जनहित याचिका : बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर खंडपीठ में शहर में बढ़ती आवारा श्वानों की गंभीर समस्या को लेकर विजय तालेवार और मनोज शाक्य द्वारा दायर जनहित याचिका प्रलंबित है। सुनवाई के दौरान आवारा श्वानों की बढ़ती संख्या और उनके उत्पात को नियंत्रित करने में मनपा की विफलता पर कोर्ट ने नाराजगी जताई थी। अदालत ने स्पष्ट किया कि अब उसे केवल सुझाव देने में कोई रुचि नहीं है, बल्कि वह ठोस कार्रवाई चाहती है। कोर्ट ने उन सभी मनपा अधिकारियों की सूची मांगी थी, जो आवारा श्वानों की समस्या के समाधान के लिए जिम्मेदार हैं। इसके बाद शहर में आवारा श्वानों के उपद्रव को रोकने में असफल रहे मनपा के 23 अधिकारियों को हाई कोर्ट ने नोटिस जारी किया। अदालत ने उनसे पूछा है कि उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए।
व्यवस्था की जा रही है : शहर में आवारा श्वानों की नसबंदी और वैक्सीनेशन को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। घायल, बीमार और रैबिज के श्वानों को पकड़कर शेल्टर होम में भी भेजा जा रहा है। मनपा द्वारा आवारा श्वानों के लिए लगातार व्यवस्था की जा रही है, ताकि नागरिकों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। - डॉ गजेन्द्र महल्ले, पशु चिकित्सा अधिकारी, मनपा
Created On :   28 Oct 2025 12:01 PM IST














