ट्रांसफर के बाद भी डटे हैं  ये ‘टॉप कलेक्टर', 7 महीने पहले हो चूका है तबादला

After the transfer, some employees of the Crime Branch Police Department are on the move
ट्रांसफर के बाद भी डटे हैं  ये ‘टॉप कलेक्टर', 7 महीने पहले हो चूका है तबादला
ट्रांसफर के बाद भी डटे हैं  ये ‘टॉप कलेक्टर', 7 महीने पहले हो चूका है तबादला

डिजिटल डेस्क, नागपुर।    ट्रांसफर के बाद भी क्राइम ब्रांच पुलिस विभाग के कुछ कर्मचारी डटे हुए हैं। ये कर्मचारी यहां पर ‘टॉप कलेक्टर’ के नाम से जाने जाते हैं। इन कर्मचारियों का करीब सात महीने पहले तबादला किया गया था।

इनका हुआ ट्रांसफर
सूत्रों के अनुसार अपराध शाखा पुलिस विभाग में क्षीरसागर, ठाकुर, संतोष, मून व अन्य कई कर्मचारियों का तबादला हुआ है, लेकिन यह कर्मचारी अभी भी इसी विभाग में डटे हुए हैं। पुलिस आयुक्त डा. के. व्यंकटेशम ने पहले ही साफ कह दिया था कि, जिन पुलिस कर्मियों का तबादला किया गया है उन्हें तत्काल छोड़ दिया जाए, ताकि वह जहां तबादला हुआ है, वहां जाकर अपनी जिम्मेदारी संभाल  सके, लेकिन विभाग के कुछ कर्मचारियों को मामलों की जांच बाकी होने के नाम पर रोक कर रखा गया है और वे अभी भी अपराध शाखा पुलिस विभाग में कायम हैं। इन कर्मचारियों का विभाग के प्रति मोह के चलते कर्मचारियों के बीच मतभेद उभरने लगे हैं। गौरतलब है कि "टॉप कलेक्‍टर" के रुप में पहचाने जाने वाले इन कर्मचारियों की कोई ऐसी कार्रवाई नहीं है, जिससे अपराध शाखा पुलिस का नाम चर्चा में आया हो, फिर भी इन कर्मचारियों पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को न जाने क्यों प्रगाढ़ भरोसा है। अपराध शाखा पुलिस विभाग से तबादला होने के बाद ये कर्मचारी क्षेत्र के गुंड़ों की जानकारी निकालकर उनकी धरपकड़ कर वरिष्ठ अधिकारियों की नजर में बने रहते हैं। इससे कुछ माह के लिए वह इस विभाग में और अपनी जगह बनाने में सफल हो जाते हैं। इन कर्मचारियों को  प्रलंबित मामलों की जांच के नाम पर  "एक्‍सटेंशन" दिया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की भेदभाव वाली इस नीति को लेकर अपराध शाखा पुलिस विभाग में नाराजगी के सुर फूटने लगे हैं।

जनरल ट्रांसफर में किए जाएंगे बदलाव
आगामी अधिवेशन के कार्य को देखते हुए कुछ कर्मचारियों को अपराध शाखा पुलिस विभाग में कायम रखा गया है। इसके लिए वरिष्ठों की अनुमति ली गई है। इन कर्मचारियों का कार्य पूरा होते ही उनको जहां तबादला हुआ है, वहां के लिए छोड़ दिया जाएगा। जनरल ट्रांसफर में भी बदलाव किए जाएंगे। दूसरे कर्मचारियों को आगे आने का जरूर मौका दिया जाएगा। 
(संभाजी कदम, पुलिस उपायुक्त, अपराध शाखा पुलिस विभाग, नागपुर शहर) 
 

Created On :   11 April 2018 12:39 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story