मेलिंडा गेट्स के साथ कृषि मंत्री तोमर ने की बैठक, महिला किसानों को जोड़ने पर दिया बल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने यहां बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन की सह अध्यक्ष सुश्री मेलिंडा गेट्स के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का फोकस देश में महिला किसानों को और बढ़ावा देने पर है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में अनेक चुनौतियां हैं, जिनके समाधान के लिए भारत सरकार सतत काम कर रही है। तोमर ने कहा कि भारत में कृषि क्षेत्र में बड़ी संख्या में महिलाएं भी काम कर रही हैं, जिनकी संख्या बढ़ाने एवं इनकी निरंतर प्रगति के लिए केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय भी महिला किसानों की सशक्तिकरण की योजना चला रहा है, जिसमें कृषि मंत्रालय मददगार है। कृषि मंत्रालय महिला किसानों की उत्थान के लिए अपने बजट का निश्चित हिस्सा खर्च करता है। उन्होंने कहा कि भारत में कृषि क्षेत्र में सामान्यत: परंपरागत कृषि पद्धति चलती थी, अब वर्तमान परिप्रेक्ष्य में कृषि क्षेत्र में निवेश की आवश्यकता है, जिसके मद्देनजर अनेक सुधार किए गए हैं। सुश्री मेलिंडा गेट्स ने कृषि मंत्रालय के साथ मिलकर काम करने पर खुशी जताते हुए कहा कि वे चाहती हैं कि महिला किसानों का जुड़ाव ज्यादा-से-ज्यादा हो। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन कई देशों में काम कर रहा है और भारत में उन्हें अच्छा अनुभव हुआ है। सुश्री मेलिंडा ने भारत को जी-20 की अध्यक्षता मिलने पर खुशी जताई व सदैव मिलकर काम करने की इच्छा जताई।
Created On :   5 Dec 2022 8:09 PM IST