- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- सेना की भर्ती में पेपर लीक मामला, 3...
सेना की भर्ती में पेपर लीक मामला, 3 आरोपियों को बांबे हाईकोर्ट से मिली जमानत
डिजिटल डेस्क, मुंबई। बांबे हाईकोर्ट ने भारतीय थल सेना (इंडियन आर्मी) की भर्ती परीक्षा से जुड़े प्रश्न पत्र लीक करने के आरोप में गिरफ्तार तीन आरोपियों को जमानत दे दी। हाईकोर्ट ने आरोपियों को समानता के आधार पर जमानत दी। क्योंकि इससे पहले इस मामले के सह आरोपी और पेपर लीक करने में अहम भूमिका निभानेवाले आरोपी को जमानत दी गई थी। इसी आधार पर आरोपियो ने भी जमानत की मांग की थी। जिन तीन को जमानत मिली है, उनके नाम संदीप पांढरे, महेंद्र सोनावने व सदीप भुजबल है।
अभियोजन पक्ष की दलील
जमानत पर सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने कहा कि तीनों आरोपियों पर काफी गंभीर आरोप हैं। यदि उन्हें जमानत दी जाती है, तो इसका समाज पर बुरा असर पड़ेगा। आरोपियों ने पेपर लीक कर सरकारी रोजगार चुराने की कोशिश की है। आरोपी पंढारे और भुजबल तो उस एकेडमी में पढ़ाते भी थे, जिसे लीक किया हुआ पेपर मिला था। यहीं नहीं इन दोनों ने उम्मीदवारों को बताया था कि कैसे पेपर को हल करना है।
तीनों आरोपियों को जमानत
आरोपियो के वकील ने कहा कि मामले को लेकर आरोपपत्र दायर हो चुका है। इसलिए उन्हें जेल में रखने की जरुरत नहीं है। इसके अलावा मामले के एक सह आरोपी को जमानत मिल चुकी है। जिसने पेपर लीक करने में अहम भूमिका निभाई थी। इन दलीलों को सुनने के बाद न्यायमूर्ति एएम बदर ने तीनों आरोपियों को जमानत दी।
Created On :   9 Oct 2017 6:15 PM GMT