- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- शीतसत्र के पहले मंथन, अशोक चव्हाण व...
शीतसत्र के पहले मंथन, अशोक चव्हाण व दानवे पहुंचे नागपुर

डिजिटल डेस्क नागपुर। शीतसत्र के पहले उपराजधानी में दिग्गज नेता पहुंचे हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक चव्हाण और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रावसाहब दानवे नागपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेे। यहां से श्री चव्हाण सीधे बैठक के लिए रवाना हो गए। नागपुर अधिवेशन के दौरान 12 दिसंबर को कांग्रेस-राकांपा द्वारा संयुक्त रूप से निकाले जा रहे मोर्चे को सफल बनाने के लिए वे नागपुर पहुंचे हैं। वे रात को होटल हेरिटेज में कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ मोर्चे को लेकर रणनीति बनाने में जुटे रहे। यहां विदर्भ के सभी जिलों के प्रमुख पदाधिकारियों को बुलाया गया था। बैठक में सभी पदाधिकारियों को ‘टारगेट’ देकर मोर्चे को सफल बनाने का आह्वान किया गया। बताया गया कि मोर्चे का नेतृत्व राकांपा प्रमुख शरद पवार करेंगे। श्री चव्हाण बैठक कर अमरावती के लिए रवाना हुए हैं। वे अमरावती में जागरण अभियान में हिस्सा ले रहे हैं। इसके बाद फिर नागपुर पहुंचकर शहर पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। उनके स्वागत अवसर पर विमानतल पर विधान परिषद उपाध्यक्ष माणिकराव ठाकरे, अनंतराव घारड, शहर अध्यक्ष विकास ठाकरे, उमाकांत अग्निहोत्री सहित अन्य उपस्थित थे। दूसरी ओर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रावसाहब दानवे भी नागपुर में दाखिल हुए। वे पूर्व विदर्भ के सभी जिलों के संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा करेंगे। 12 घंटे यह मैराथन बैठक चलेगी। बैठक में बूथ रचना, बूथ प्रमुखों की नियुक्ति, पेज प्रमुखों की नियुक्ति सहित प्रभारी मंत्रियों ने कितने दौरे किए, संगठन और सरकार में समन्वय है या नहीं आदि की समीक्षा करेंगे।
मोर्चेे के लिए राहुल गांधी को भी बुलाने की तैयारी
कांग्रेस और राकांपा मिलकर आगामी 12 दिसंबर को मोर्चा निकालेंगे। वैसे तो मोर्चे का नेतृत्व राकांपा प्रमुख शरद पवार करेंगे। इसे लेकर कांग्रेस नेताओं में असहजता देखी जा रही है। उन्हें डर है कि इस मोर्चे का पूरा श्रेय राष्ट्रवादी कांग्रेस लेगी। विदर्भ में उनकी पैठ भी मजबूत होगी। कांग्रेस के हाथ कुछ नहीं लगेगा। ऐसे में मतभेद दिखाने की बजाय कांग्रेस अपनी तरफ से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी या फिर राज्यसभा में कांग्रेस नेता गुलाब नबी आजाद को बुलाने की तैयारी कर रही है। दोनों में से कोई नेता आता है तो दोनों में श्रेय बराबर बंटेगा।


Created On :   30 Nov 2017 11:31 AM IST