सीपी क्लब में दिवाली मिलन कार्यक्रम में पहुंचे व्यवसायी पर हमला

Attack on businessman came for Diwali Milan program at CP Club
सीपी क्लब में दिवाली मिलन कार्यक्रम में पहुंचे व्यवसायी पर हमला
सीपी क्लब में दिवाली मिलन कार्यक्रम में पहुंचे व्यवसायी पर हमला

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सदर थानांतर्गत सीपी क्लब में परिवार के साथ दिवाली मिलन कार्यकम में शामिल होने गए सदर क्षेत्र के एक व्यवसायी पर कुछ युवकों ने कांच के ग्लास और बोतल से हमला कर दिया। घायल व्यवसायी का नाम ब्रजेश सुशील कुमार खेमका (42) माउंट रोड, सदर निवासी हैं। सीपी क्लब में अधिकारी, व्यवसायी व धनाढय परिवार के लोग आते हैं। यहां पर इसके पहले भी कई बार मामले सामने आते रहे हैं। शेयर कारोबारी ब्रजेश खेमका और उसके दोस्त सुमित ठवकर पर हमला करने वाले आरोपी जसप्रीत तुली और उसके साथियों के खिलाफ 324, 323, 506 , 34 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी जसप्रीत तुली का हवेली नामक होटल है। इस हमले में गंभीर रूप से घायल  ब्रजेश खेमका के सिर में 30 टांके लगे हैं। ब्रजेश पर हमला करने वाले आरोपियों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज नहीं किए जाने से सदर पुलिस की भूमिका को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

सदर के वरिष्ठ थानेदार सुनील बोंडे का कहना है कि जो धाराएं लगाई गई हैं। वह घायल पर किए गए हमले के तहत ही लगाई गई है। ब्रजेश खेमका का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने एक युवक पर सीपी क्लब में हमला होने के बाद उसे बाहर ले जाकर उसके सिर पर बरफ लगाने की बात की और उसे अस्पताल लेकर जाने के लिए कहा है। आरोपी जसप्रीत तुली ने इस बात से चिढ़कर ब्रजेश खेमका पर हमला बोल दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार ब्रजेश खेमका ने पुलिस को बताया कि 7 नवंबर को वे सिविल लाइंस स्थित सीपी क्लब में परिवार के साथ दीवाली मिलन कार्यक्रम में गए थे। सीपी क्लब में दिवाली मिलन में शहर की जानी मानी हस्तियां आई थीं। ब्रजेश अपने दोस्त सुमित महेंद्र ठवकर के साथ पार्टी का मजा ले रहे थे। इस दौरान सुमित और ब्रजेश बाथरूम में गए। बाथरुम में जाने के बाद वहां पर आरोपी जसप्रीत तुली और उसके कुछ साथी एक युवक पर हमला कर रहे थे। उसके सिर से खून बह रहा था। उस घायल युवक के दोस्त को ब्रजेश खेमका ने कहा कि इसे बाथरुम से बाहर लेकर जाओ और इसके सिर पर बरफ लगाओ उसके बाद उसे अस्पताल ले जाकर दिखाओ।

ब्रजेश ने आरोपियों को समझाइश वाले लहजे में कहा कि यहां पर विवाद करना मना है। यह बोलने पर आरोपियों ने ब्रजेश और सुमित के साथ मारपीट की। वहां पर इनका आपस में समझौता हो गया। सुमित बाथरुम से बाहर आ गया। उसके बाद आरोपियों ने ब्रजेश पर कांच के ग्लास और बोतल से हमला कर उन्हें  लहूलुहान कर दिया। कुछ लोग ब्रजेश और सुमित की मदद के लिए दौड़े। कुछ लोगों ने आरोपी जसप्रीत तुली और उसके साथियों को पकडने की कोशिश की। वह सभी भाग निकले। इधर जख्मी ब्रजेश खेमका को उनके परिजन और दोस्तों ने रवि नगर स्थित निजी अस्पताल में पहुंचाया। उनके सिर में 30 टांके लगाए गए। सुमित का भी उपचार किया गया। आरोपी जसप्रीत तुली ने भागते समय ब्रजेश को जान से मारने की धमकी दी। सदर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। 
 

Created On :   8 Nov 2018 2:19 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story