- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- सजग और सतर्क नागरिक किसी पुलिस से...
सजग और सतर्क नागरिक किसी पुलिस से कम नहीं- पुलिस आयुक्त डॉ. उपाध्याय

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पुलिस आयुक्त डॉ. भूषणकुमार उपाध्याय ने कहा कि हर सजग और सतर्क नागरिक किसी "पुलिस" से कम नहीं है। एक जिम्मेदार नागरिक की शुरुआत स्कूल और कॉलेज से छात्र के रूप में होने के लिए "छात्र पुलिस" की संकल्पना की गई है। पहले लोगों की धारणा थी कि अशिक्षित और गरीब तबके के लोग ही अपराध करते हैं, लेकिन वर्तमान समय में उच्च शिक्षित लोग भी अपराध की ओर बढ़ रहे हैं। देश में हर साल एक लाख से अधिक लोग यातायात नियमों का पालन नहीं करने से सड़क हादसे का शिकार हो जाते हैं। शालेय स्तर पर विद्यार्थियों को इस बारे में जानकारी देना बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों में जनजागृति निर्माण करना है। इन सभी उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए छात्र पुलिस की संकल्पना को साकार करने का प्रयास किया जा रहा है। यह सभी नागरिकों के लिए है।
पुलिस और स्टूडेंट के बीच संवाद जरूरी
प्रत्येक सभ्य नागरिक सादे वेश में पुलिस ही है। हर वह नागरिक पुलिस है जो व्यक्ति सतर्क, सजग है। पुलिस आयुक्त डॉ. उपाध्याय गिट्टीखदान स्थित रामदेव बाबा इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट काॅलेज में आयोजित "छात्र पुलिस" उपक्रम में बोल रहे थे। इसकी संकल्पना पुलिस आयुक्त ने तैयार की है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ ही सामाजिक दृष्टि से सभी तरह की शिक्षा दिए जाने की जरूरत है। पुलिस और विद्यार्थियों के बीच अधिक से अधिक संवाद होना जरूरी है। पुलिस द्वारा स्कूल और महाविद्यालयों में नियमित भेंट देने से अपराध को रोकने में काफी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में रामदेवबाबा इंजिनियरिंग काॅलेज के महामंत्री गोविंद अग्रवाल, सचिव राजेंद्र पुरोहित, राजेश पांडे, काॅलेज के प्राचार्य कोकाटे, चंदू पेंडके, मैत्री परिवार, सहपुलिस आयुक्त रवींद्र कदम, अपर पुलिस आयुक्त बी.जी.गायकर व विद्यार्थी उपस्थित थे। प्रस्तावना पुलिस उपायुक्त राहुल माकणीकर ने रखी।
पुलिस अधिकारी जाएंगे स्कूल और कॉलेज
उपक्रम के अंतर्गत पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी अपने क्षेत्र के स्कूल और कॉलेज में जाकर विद्यार्थियों काे विविध विषयों पर मार्गदर्शन करेंगे। यह उपक्रम शहर की प्रत्येक स्कूल और कॉलेज में शुरू होगा। विद्यार्थियों को संबंधित थाने के अधिकारी भेंट देकर उन्हें आस-पास होने वाले अपराध को रोकने की दिशा में ठोस कदम कैसे उठाए जा सकते हैं, इसकी जानकारी देंगे। दहशतवाद विरोधी जनजागृति व मादक पदार्थ विरोधी अभियान के बारे में जानकारी देंगे। शहर में सभी पुलिस थाने का एक पुलिस अधिकारी महीने में दो बार स्कूल व कॉलेज में जाकर प्रमुख अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। वहां की समस्या को जानकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन भी करेंगे। छोटी- छोटी रैली का आयोजन भी किया जाएगा। आभार प्रदर्शन पुलिस उपायुक्त संभाजी कदम ने माना।
Created On :   3 Jan 2019 4:26 PM IST