बेलगाम कार ने दो दुपहिया सवारों को मारी टक्कर, भाई-बहन की मौत, चार घायल

Belgaum car collides with two two-wheelers, siblings killed, four injured
बेलगाम कार ने दो दुपहिया सवारों को मारी टक्कर, भाई-बहन की मौत, चार घायल
बेलगाम कार ने दो दुपहिया सवारों को मारी टक्कर, भाई-बहन की मौत, चार घायल

- सिहोरामाल में हुआ सड़क हादसा, टक्कर के बाद पलटी कार
- तीन सड़क हादसों में चार लोगों ने गंवाई जान
डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा/चौरई।
चौरई थाना क्षेत्र के सिहोरामाल के समीप शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई। वहीं चार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। शुक्रवार शाम लगभग चार बजे सिवनी की ओर से आ रही बेलगाम कार ने सिहोरामाल में दो दुपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। पहली बाइक में सवार भाई और उसकी दो बहनों को गंभीर चोटें आई थी। इनमें से भाई और बहन की मौत हो गई। वहीं दूसरी दुपहिया सवार अधेड़ को गंभीर चोटें आई हंै। टक्कर के बाद तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है। वहीं दो अन्य हादसों में एक महिला समेत युवक की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि सिवनी की ओर से आ रही कार ने सिहोरामाल के समीप सामने से आ रहे बाइक सवार सिवनी के कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र के पलारी निवासी 21 वर्षीय आशू ठाकुर, 20 वर्षीय साक्षी ठाकुर और 14 वर्षीय आकांक्षा ठाकुर को टक्कर मार दी। हादसे में आकांक्षा ठाकुर की मौके पर मौत हो गई। वहीं आशू ठाकुर का एक पैर कटकर अलग हो गया और साक्षी ठाकुर को गंभीर चोटें आई। इलाज के दौरान आशू ठाकुर ने भी दम तोड़ दिया। इस टक्कर के बाद कार ने एक स्कूटी सवार को भी टक्कर मारी। स्कूटी सवार चोरगांव निवासी 55 वर्षीय गोवर्धन पिता नंदलाल पाल को गंभीर चोटें आई है। टक्कर के बाद पलटी कार में सवार एक बच्चे और महिला को भी चोटें आई हैं। घायलों को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है।
तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से नाले में गिरा युवक, मौत
- धरमटेकड़ी चौकी क्षेत्र के सारना के समीप गुरुवार रात एक तेज रफ्तार वाहन ने राहगीर युवक को टक्कर मार दी। इस टक्कर से युवक उछलकर सड़क किनारे नाले में जा गिरा। साथी युवकों ने उसे जिला अस्पताल लाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रधान आरक्षक अजय बघेल ने बताया कि सिंगोड़ी निवासी 20 वर्षीय प्रयांश पिता अनिल साहू शुक्रवार रात लगभग 8.30 बजे अपने साथियों के साथ खेत से पैदल घर लौट रहा था। इस दौरान अमरवाड़ा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से प्रयांश उछलकर सड़क किनारे नाले में जा गिरा। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना में घायल महिला की मौत-
न्यूटन चौकी क्षेत्र के जामुनबर्रा की एक महिला को 25 नवम्बर को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी। हादसे में घायल महिला की शुक्रवार सुबह शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि जामुनबर्रा निवासी 40 वर्षीय संतरीबाई पति सुमेरचंद आम्रवंशी बीती 25 नवम्बर को अपने बेटे के साथ बाइक से किसी काम से घर से निकली थी। अनखावाड़ी के समीप तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में घायल संतरीबाई को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह 6 बजे उसकी मौत हो गई। देहात पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
 

Created On :   5 Dec 2020 6:08 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story