- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- भुजबल की रीलॉन्चिंग 10 जून को,...
भुजबल की रीलॉन्चिंग 10 जून को, निभाएंगे सक्रिय भूमिका

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महाराष्ट्र में आगामी लोकसभा विधानसभा चुनाव के पहले राजनीतिक पार्टियों में वर्चस्व का घमासान मचा हुआ है। एनसीपी (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) के कद्दावर नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री छगन भुजबल जमानत पर छूटने के बाद पुन: राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने को तैयार हैं। पार्टी के स्थापना दिवस पर 10 जून को पुणे में आयोजित कार्यक्रम और हल्ला बोल मुहिम में भुजबल अपने चिरपरिचित अंदाज में दिखाई देंगे। राज्यसभा सांसद प्रफुल्ल पटेल ने पत्रकारों से अनौपचारिक चर्चा में बताया कि भाजपा सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद भुजबल का प्रभाव कम नहीं हुआ है।
फिलहाल वे अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं, लेकिन अपने समर्थकों के बीच जाने के लिए बेताब हैं। पुणे में उनका पुराना अंदाज फिर हमारे सामने होगा। निश्चित रूप से भुजबल के साथ वर्तमान सरकार ने जो भी किया, वह उचित नहीं कहा जा सकता है। जेल में रहने के दौरान उनके स्वास्थ्य से भी खिलवाड़ किया गया। न तो उनकी सही ढंग से जांच की गई और न ही उनका उचित इलाज किया गया। अंतत: जब पार्टी ने दबाव बनाया, तब जाकर उनकी उचित देखरेख हो सकी। अब वे जमानत पर छूटकर अपना इलाज करवा रहे हैं।
तटकरे लड़ेंगे लोकसभा चुनाव
सांसद प्रफुल्ल पटेल ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने को एक नियमित प्रक्रिया बताते हुए कहा कि सुनील तटकरे ने चार साल तक पार्टी की कमान संभाली है। अब उनको केंद्र की राजनीति में सक्रिय करने का निर्णय लिया गया है। वे आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार रहेंगे। इसके लिए उन्होंने तैयारी भी शुरू कर दी है। जयंत पाटिल को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष पद सौंपे जाने को सही बताते हुए उन्होंने कहा कि पाटिल एक मंझे हुए राजनेता हैं। उनके नेतृत्व में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने महाराष्ट्र विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष धनंजय मुंडे के कार्य की भी सराहना की।
भंडारा-गोंदिया लोकसभा उपचुनाव के संबंध में सांसद प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार से किसान बुरी तरह परेशान हैं। आने वाले उपचुनाव में कांग्रेस के सहयोग से राकांपा यह सीट पुन: हासिल कर लेगी। उन्होंने संकेत दिया कि संभवत: 2019 में होने वाले आम चुनाव में इस संसदीय क्षेत्र में उनकी धर्मपत्नी वर्षा बेन पटेल को राकांपा का उम्मीदवार बनाया जा सकता है।
Created On :   10 May 2018 10:53 AM IST