- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- दो मेट्रो लोकार्पण के लिए फडणवीस को...
दो मेट्रो लोकार्पण के लिए फडणवीस को निमंत्रण न देने से भाजपा नाराज

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मेट्रो मार्ग 7 और 2 के लोकार्पण समारोह में शामिल होने के लिए विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस को निमंत्रण न दिए जाने से भाजपा नाराज हो गई है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में दोनों मेट्रो परियोजनाओं का उद्धाटन गुढ़ीपाडवा के मौके पर शनिवार को होगा। इससे पहले शुक्रवार को मुंबई मेट्रो की परियोजना को लेकर श्रेयवाद की लड़ाई देखने को मिली। भाजपा ने बांद्रा से माहिम तक फडणवीस का पोस्टर लगाया है। जिसमें पार्टी ने याद दिलाया है कि मेट्रो परियोजना के लिए केंद्र सरकार ने निधि उपलब्ध कराई है। हालांकि इस कार्यक्रम के लिए विधान परिषद में विपक्ष के नेता प्रवीण दरेकर को निमंत्रण भेजा गया है।
इस पर दरेकर ने कहा कि सरकार को फडणवीस के नाम से इतनी एलर्जी क्यों है? उन्होंने कहा कि फडणवीस ने मुख्यमंत्री पद रहते हुए दोनों मेट्रो परियोजना के लिए मंजूरी दिलवाने में अहम भूमिका निभाई थी। मेट्रो के लोकार्पण समारोह के निमंत्रण पत्रिका पर मेरा नाम है। लेकिन उस पर फडणवीस का नाम नहीं है। जानकारी के अनुसार दरेकर लोकार्पण समारोह में हिस्सा नहीं लेंगे। भाजपा इस कार्यक्रम का बहिष्कार करेगी। दूसरी ओर मुख्यमंत्री शनिवार को चर्नी रोड में जवाहर भवन के पास मराठी भाषा भवन का भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वडाला में जीएसटी के नए भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा वे गृह विभाग की विभिन्न परियोजनाओं के उद्धाटन समारोह में ऑनलाइन शामिल होंगे।
Created On :   1 April 2022 9:51 PM IST