- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- टिकट वितरण में सर्वे बड़ा आधार...
टिकट वितरण में सर्वे बड़ा आधार होगा, भाजपा करेगी एक और सर्वे, कांग्रेस पहले ही करा चुकी आंकलन

डिजिेटल डेस्क, छिंदवाड़ा। प्रदेश में 15 साल का वनवास खत्म कर सत्ता हासिल करने की तैयारी में जुटी कांग्रेस और सत्ता बरकरार रखते हुए चौथी पारी की कवायद में जुटी भाजपा प्रत्याशियों के चयन में खासा एहतियात बरतने के मूड में है। भाजपा अब तक तीन सर्वे करा चुकी है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक चौथा और आखिरी सर्वे जुलाई माह में हो सकता है। इस सर्वे के बाद ही प्रत्याशी कौन होगा इस पर विचार शुरू होना है। वहीं कांग्रेस भी क्षेत्रों में किसकी सक्रियता है और कौन बाजी मार सकता है इसका आंकलन करा चुकी है। कहा जा रहा है कि सर्वे के परिणामों के आधार पर ही इस बार टिकटों का वितरण होना है।
दोनों दल जीतने वाले को ही बनाएंगे प्रत्याशी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ पहले ही कह चुके हैं कि इस बार टिकट में इसका-उसका नहीं चलेगा। सिर्फ जीतने वाले चेहरे को ही विधानसभा चुनाव में उतारा जाएगा। पिछले दिनों छिंदवाड़ा आए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने भी लगभग इन्हीं शब्दों का प्रयोग किया। उन्होंने जीतने वाले प्रत्याशियों को ही मैदान में उतरने की बात कही थी।
दो माह पहले हो जाएगी घोषणा
खासबात यह कि दोनों ही दल प्रत्याशियों की घोषणा में ज्यादा देरी करने के मूड में नहीं है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सितंबर तक प्रत्याशियों की सूची जारी करने की बात कही है। भाजपा की भी इसी तरह की तैयारियां बताई जा रही है। जिले की सात सीटों में कुछ चेहरे ऐसे भी हैं जिन्हें तैयारियों के लिए दोनों दलों से सिग्नल हो चुके हैं।
दावेदार हुए सक्रिय
जिले की सातों विधानसभा सीटों में दावेदारों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। क्षेत्र में सक्रिय नजर आ रहे दावेदार अपने आकाओं समेत अन्य बड़े नेताओं के दरवाजे पर भी दस्तक दे रहे हैं। खासतौर पर भाजपा में दावेदारों की सक्रियता अधिक बताई जा रही है। संगठन से लेकर मुख्यमंत्री के दरवाजे तक दावेदार पहुंच रहे हैं।
Created On :   30 Jun 2018 1:32 PM IST