- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- अपनों के कटघरे में सरकार: खडसे ने...
अपनों के कटघरे में सरकार: खडसे ने पूछा- अभियानों के बावजूद क्यों बढ़ रही टीबी मरीजों की संख्या

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता एकनाथ खडसे ने एक बार फिर सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए सवाल किया कि देशभर में क्षयरोग (टीबी) खत्म करने की घोषणा के साथ अभियान चलाए जाते हैं, फिर भी मरीजों की संख्या बढ़ रही है। खडसे ने कहा कि बुलढाणा और जलगांव में क्षयरोग के मरीजों के लिए इलाज की पर्याप्त सुविधा नहीं है। इसके अलावा सरकार दावा करती है कि क्षयरोग के मरीजों को मुफ्त दवा उपलब्ध कराई जाती है, लेकिन इन इलाकों के मरीजों से दवाओं के पैसे वसूले जा रहे हैं। खडसे ने आरोप लगाया कि टीबी के मामले बढ़ने के लिए सरकार जिम्मेदार है।
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए ध्यान खींचा
दरअसल भाजपा के पराग अलवणी, अतुल भातखलकर, कांग्रेस के नसीम खान आदि सदस्यों ने राज्य में टीबी रोग के इलाज में खामियों पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए सदन का ध्यान खींचा था। जवाब में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दीपक सावंत ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2025 तक देश को क्षयरोग मुक्त करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए चार सूत्रीय कार्यक्रम लागू किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि राज्य के 33 जिलों, 22 महानगर पालिका और मुंबई के 24 विभागों से रिपोर्ट मंगाई जाती है। इसी के मुताबिक मरीजों का इलाज किया जाता है।
कुछ मरीजों पर असर नहीं कर रही दवा
सावंत ने बताया कि राज्य में 165 मरीज ऐसे हैं, जिन पर दवा कारगर नहीं हो रही। इन मरीजों के इलाज के लिए नई दवाओं का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में क्षय रोग के मरीजों के इलाज के लिए 517 क्षयरोग पथक, थूक की जांच के लिए 1520 केंद्र, क्षयरोग पीड़ित मरीजों के लिए नियमित इलाज के लिए डॉट प्रोवाइटर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा भी इस बीमारी को समूल नष्ट करने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं।
साल क्षयरोग के मरीज मरीजों की मौत
2015 130910 7630
2016 122602 6884
2017 123963 5699
Created On :   28 Feb 2018 8:02 PM IST