यशवंत सिन्हा बोले- यह अटल-आडवाणी की भाजपा नहीं है, अब बदल चुकी है

bjp leader Yashwant Sinha raised question on pm modi and party
यशवंत सिन्हा बोले- यह अटल-आडवाणी की भाजपा नहीं है, अब बदल चुकी है
यशवंत सिन्हा बोले- यह अटल-आडवाणी की भाजपा नहीं है, अब बदल चुकी है

डिजिटल डेस्क,मुंबई।  पूर्व केंद्रीय वित्तमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने कहा है कि भाजपा अब पूरी तरह से बदल चुकी है। यह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवानी वाली भाजपा नहीं है। उन्होंने कहा कि अब तो मेरे जैसे लोग भी पार्टी नेताओं से नहीं मिल पाते।   मंगलवार को जहांगीर आर्ट गैलरी में उद्योगपति व वन्यजीव फोटोग्राफर कमल मोरारका की फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन करने आए सिन्हा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ‘देश बदल रहा है, साथ ही सत्ताधारी भाजपा भी।’ उन्होंने कहा कि पार्टी की कार्यशैली पूरी तरह बदल चुकी है। इससे बहुत सारे पुराने कार्यकर्ता दुखी हैं। अब वे अपने नेताओं से नहीं मिल पाते। मैंने खुद 13 महीने पहले प्रधानमंत्री जी से मिलने का समय मांगा था। आज तक मुलाकात नहीं हो पाई। पूर्व केंद्रीय वित्तमंत्री ने कहा कि मैंने सात बार देश का बजट पेश किया। इस लिए अपने अनुभव के आधार पर कह रहा हूं कि टैक्स सिस्टम के साथ छेड़छाड़ भारी पड़ रहा। अब कुछ करने का समय निकल गया। केंद्र सरकार के पास सिर्फ एक बजट पेश करने का मौका है। विश्व की अर्थव्यवस्था तेजी पर है पर हमारी अर्थ व्यवस्था लगातार गिर रही है। जो आंकड़े पेश किए जा रहे हैं, वह सही तस्वीर नहीं पेश करते। नोटबंदी और फिर जीएसटी से असंगठित क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पर क्षेत्र के आंकडे़ हमारे पास नहीं है। इसलिए अर्थ व्यवस्था की खराब हालत का पूरा तरह से अंदाजा नहीं लगाया जा रहा है। पर वास्तविक स्थित खराब है। 
तस्वीरों के सहारे मोदी सरकार पर निशाना 
श्री सिन्हा ने कमल मोरारका द्वारा खिचीं गई तस्वीरों को लाजवाब बताते हुए कहा कि जानवर अकारण किसी का कोई नुकसान नहीं करते। जबकि हम बगैर किसी कारण के अपने देश के चरित्र को नष्ट कर रहे हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता ने वन्य जीवों की तस्वीरों के बहाने इस तरह केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। इस मौके पर पूर्व सांसद संतोष भारतीय, वरिष्ठ पत्रकार प्रीतिश नंदी व आल इंडिया एसोसिएशन आफ इंडस्ट्री के अध्यक्ष विजय कलंत्री आदि मौजूद थे। 
 

Created On :   9 Jan 2018 2:08 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story