- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष...
भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष बागी होकर चुनाव मैदान में, आप, बीएसपी और शिवसेना भी रण में

छिंदवाड़ा। नाम वापसी की प्रक्रिया के साथ ही गुरुवार को जिले के छह नगरीय निकायों में चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। चुनाव मैदान में भाजपा-कांग्रेस सहित आम आदमी पार्टी, बीएसपी और शिवसेना भी ताल ठोंक रही है। आप, बीएसपी और शिवसेना ने सौंसर और पांढुर्ना में अपने प्रत्याशी उतारे हैं। छह निकायों में कुल 402 प्रत्याशी मैदान में हैं। नफा नुकसान को आंकते हुए पूरे दिन भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मानमनौव्वल में जुटे रहे। खासबात यह कि मानमनौव्वल के बाद भी भाजपा और कांग्रेस में बगावत की स्थिति बन रही है। सौंसर में भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष उषा भमोरे बागी होकर वार्ड 15 से चुनाव मैदान में डट गई हैं। अन्य निकायों में भाजपा और कांग्रेस के असंतुष्टों व बागियों की मौजूदगी चुनावी रण को रोचक बना सकती हैं।
पांढुर्ना: भाजपा के 18, कांग्रेस के 7 बागी मैदान:
नाम वापसी के बाद 30 वार्डों में 120 प्रत्याशी मैदान में शेष बचे हैं। भाजपा के 18 और कांग्रेस के सात बागी मैदान में है। टिकट कटने से नाराज भाजपा खेमे से गांधी वार्ड में शुभांगी सांबारे, राधाकृष्ण वार्ड में प्रशांत गायधने, घनपेठ वार्ड में नीतू बालपांडे, खारी वार्ड में शकुन बालपांडे, शिवाजी वार्ड में भुरेश्वर घाटोड़े, सुधाकर निंबुलकर, विशाल भांगे, मेघनाथ वार्ड में सदोली सिरसाम, भगतसिंग वार्ड में संगीता खुरसंगे, पंढरी वार्ड में प्रभा ठवले, भवानी वार्ड में रामचंद्र रेवतकर, अंबेडकर वार्ड में रविन्द्र नारनवरे, संतोषी माता वार्ड में नेहा तितरे, रानी दुर्गावती वार्ड में यादोराव डोबले, गुरूनानक वार्ड में चंद्रकांत अरोरा, विक्रांत बतरा और जलाराम वार्ड में सुनीता डोबले बागी उम्मीदवार के रूप में मैदान में डटे हुए हैं। वहीं कांग्रेस खेमे से भगतसिंग वार्ड में सविता बारई, महावीर वार्ड में दिपक मानेकर, तिलक वार्ड में आशा सुरेश गव्हाने, शिवाजी वार्ड में दिनेश फरकसे, संतोषी माता वार्ड में सचिन कावले, गुरूनानक वार्ड में राजू कोल्हे व रविन्द्र कवड़े चुनावी मैदान में बागी बनकर उतरे है।
जुन्नारदेव: भाजपा के 7 और कांग्रेस के 2 वार्डो में बागी:
नाम वापसी के अंतिम दिन 93 अभ्यर्थियों में से 29 ने अपने नामांकन वापस लिए। अब 18 वार्डों में कुल 64 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। गुरुवार को कांग्रेस के 15 और भाजपा के 14 अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन वापस लिए। इसके बाद भी भाजपा के 7 वार्डों में और कांग्रेस के महज दो वार्डों में बागी उम्मीदवार चुनावी मैदान में है। भाजपा के वार्ड 3, 4, 8, 9, 11, 15 और 17 में बागी उम्मीदवार ताल ठोंक रहे हैं। वहीं कांग्रेस के वार्ड 6 और 7 में बागी उम्मीदवार हैं। भाजपा के जिला व स्थानीय पदाधिकारियों ने असंतुष्टों को मनाने बुधवार देर रात तक प्रयास किए लेकिन इन वार्डों बागी नहीं माने। कांग्रेस के पदाधिकारी दो वार्डों में बागियों को मनाने में असफल रहे। नगर के दो वार्ड 10 और 12 में कांग्रेस-भाजपा के बीच सीधी टक्कर है।
सौंसर: यहां सीधा मुकाबला नहीं, बागी और आप की मौजूदगी से रोचक हुए चुनाव:
नाम निर्देशन पत्र वापसी के अंतिम दिन सौंसर में 20 प्रत्याशी फार्म उठाकर चुनाव मैदान से बाहर हो गए। 15 वार्डों में अब कुल 62 प्रत्याशी चुनावी रण में हैं। खासबात यह कि यहां किसी भी वार्ड में सीधे मुकाबले की स्थिति नहीं है। कांग्रेस और भाजपा के अलावा यहां 9 वार्डों से आप ने भी प्रत्याशी उतार रखे हैं। भाजपा के बागी भी मैदान में हैं। वार्ड 15 से भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष उषा भमोरे निर्दलीय मैदान में है। वहीं वार्ड 12 से भाजयुमो नगर महामंत्री निहाल भूतड़ा की माताजी माया भूतड़ा निर्दलीय चुनाव में उतर गई हैं। हालांकि पूर्व में इन्होंने पार्टी से इस्तीफे की पेशकश कर दी थी। चार वार्ड 2, 3, 7 और 9 में त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति है।
दमुआ: गोंडवाना और आप की उपस्थिति बनाएगी चुनाव को रोचक:
यहां 23 प्रत्याशियों ने नाम वापसी की है। इसके बाद अब नगरपालिका के 18 वार्डों में कुल 64 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमाएंगे। इस बार भाजपा- कांग्रेस सहित आम आदमी पार्टी और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में हैं। अधिकांश वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति बन रही है। यहां कांग्रेस से इस्तीफा देकर पदाधिकारी निर्दलीय और गोंडवाना से चुनाव लड़ रहे हैं। आप और गोंडवाना की चुनाव में उपस्थिति मुकाबले को रोचक बना सकती है।
हर्रई में 53 और मोहगांव 39 प्रत्याशी मैदान में:
हर्रई: अंतिम दिन हर्रई नगरपरिषद से 7 ने नाम वापस लिए। जिले अब 15 वार्डों से कुल 53 उम्मीदवार चुनाव मैदान में शेष बचे हैं। इसमें कांग्रेस व भाजपा के 30 उम्मीदवारों को छोड़ दें तो 23 निर्दलीय प्रत्याशी हैं। ये दो वार्डों में सीधा मुकाबला है। बाकी में 3 और सर्वाधिक 7 प्रत्याशी मैदान में हैं।
मोहगांव: यहां 20 प्रत्याशियों के नाम वापस लेने के बाद अब 15 वार्डों से कुल 39 उम्मीदवार मैदान में हैं। आठ वार्डों में सीधा मुकाबला है। दो वार्ड में कांग्रेस-भाजपा के अलावा आप के प्रत्याशी हैं। 5 वार्डों में कांग्रेस-भाजपा और निर्दलीय भाग्य आजमा रहे हैं।
Created On :   15 Sept 2022 11:16 PM IST