भाजपा के अभियान कार्यकर्ताओं का बढ़ा रहे सिरदर्द, दबी जुबान में कह रहे सही नहीं है

BJP party workers are feeling headache due to party campaigns
भाजपा के अभियान कार्यकर्ताओं का बढ़ा रहे सिरदर्द, दबी जुबान में कह रहे सही नहीं है
भाजपा के अभियान कार्यकर्ताओं का बढ़ा रहे सिरदर्द, दबी जुबान में कह रहे सही नहीं है

डिजिटल डेस्क, नागपुर। BJP में चुनाव तैयारी के तहत विविध अभियान चल रहे हैं। संपर्क से समर्थन अभियान को लेकर प्रभाग व बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को काम पर लगाया जा रहा है, लेकिन पार्टी के कई कार्यकर्ता इन अभियानों को लेकर परेशान होने लगे हैं। संगठन अनुशासन के लिहाज से भले ही खुलकर असंतोष व्यक्त नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन शहर के लगभग सभी विधानसभा क्षेत्र में BJP कार्यकर्ता संगठन कार्य से बचने का प्रयास करते दिखने लगे हैं। कई कार्यकर्ता दबी जुबान में इसे सही नहीं मान रहे हैं । गौरतलब है कि महासदस्यता रजिस्ट्रेशन के साथ आरंभ हुआ BJP का अभियान महाप्रशिक्षण, महासंपर्क, चलो बूथ की ओर आदि उपक्रमों के साथ आगे बढ़ रहा है। 

थोप दिए गए हैं ढेर सारे कार्य
एक नेता के अनुसार कार्यकर्ताओं की संगठन कार्य से नाराजगी नहीं है, लेकिन मतदाताओं तक विविध अभियान लेकर बार - बार जाने की प्रक्रिया से वे परेशान होने लगे हैं। कुछ पदाधिकारियों का तो यहां तक कहना है कि उनके साथ वेतनभोगी कर्मचारी की तरह व्यवहार होने लगा है। संगठन कार्य के  नाम पर इतने काम थोप दिए जाते हैं कि अपने व्यवसाय या रोजी-रोटी से जुड़े अन्य कार्य करना मुश्किल हो जाता है। BJP नेता के तौर पर पहचान कायम रखने के लिए आर्थिक, मानसिक परेशानी को भी भूलना पड़ रहा है।

आश्वासन पूरा नहीं होने का जवाब नहीं
संपर्क से समर्थन अभियान पहले 26 मई से शुरू होने वाला था, लेकिन खासदार क्रीड़ा महोत्सव व भंडारा गोंदिया के चुनाव को देखते हुए वह अभियान लंबित रखा गया था। उसे अब 30 जून तक पूरा करना है। विविध संपर्क अभियान के तहत पूर्व महापौर कल्पना पांडे को बुद्धिजीवी सम्मेलन की जिम्मेदारी दी गई है। धर्मपाल मेश्राम समरसता संपर्क प्रमुख हैं। भोजराज डूंबे व श्रीकांत देशपांडे बूथ संपर्क प्रमुख हैं। मंडल स्तर पर भी संपर्क प्रमुखों की नियुक्ति की गई है।

खास बात यह है कि BJP में कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ी है। चुनाव लड़ने के इच्छुकों की कमी नहीं है। पिछले लोकसभा व विधानसभा चुनाव में संगठन कार्य के बदले उम्मीदवारी मिलने का आश्वासन पूरा नहीं होने को लेकर भी कार्यकर्ता परेशान हैं। मनपा चुनाव में प्रभाग स्तर पर टिकट दावेदारों की भरमार थी। 
 

Created On :   19 Jun 2018 12:02 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story