- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 2000 की बजाय 32 कार्यकर्ताओें को ही...
2000 की बजाय 32 कार्यकर्ताओें को ही लेकर रवाना हुई भाजपा की स्पेशल ट्रेन

रघुनाथसिंह लोधी ,नागपुर। भाजपा के स्थापना दिन कार्यक्रम के लिए नागपुर से मुंबई जानेवाली विशेष ट्रेन को लेकर गुरुवार को गजब का भ्रम हुआ। अजनी रेलवे स्टेशन से करीब 2000 कार्यकर्ताओं को लेकर ट्रेन मुंबई जानेवाली थी। सुबह 7.50 बजे 32 कार्यकर्ता ही स्टेशन पर पहुंचे। लिहाजा ट्रेन उन कार्यकर्ताआें को लेकर मुंबई के लिए रवाना हो गई। 10 बजे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता स्टेशन पर पहुंचे तो वे ट्रेन चूकने की जानकारी पाकर हतप्रभ रह गए।
एमएलए से लेकर मेयर तक हुए लेट
कार्यकर्ताओं में विधायक, पूर्व महापौर, उपमहापौर, नगरसेवक से लेकर शहर के सभी 6 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के प्रमुख पदाधिकारी थे। शहर भाजपा की ओर से कार्यकर्ताओं को ट्रेन छूटने का समय सुबह 10.30 बजे बताया गया था। जबकि रेल प्रशासन ने 7.50 का समय तय किया था। समय को लेकर हुए भ्रम के कारण यह स्थिति बनी। कार्यकर्ताओं को रेलवे स्टेशन पर ही काफी समय बिताना पड़ा। बाद में वर्धा स्टेशन से एक अन्य ट्रेन लाकर दोपहर करीब 3.30 बजे कार्यकर्ताओं को मुंबई की ओर रवाना किया गया । भाजपा विधायक कृष्णा खोपड़े ने इस मामले को रेल प्रशासन की घोर लापरवाही ठहराते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग की है। साथ ही कहा है कि दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। उधर मध्य रेलवे नागपुर विभाग के वरिष्ठ विभागीय वाणिज्य व्यवस्थापक कुशकिशोर मिश्रा ने कहा है कि आईआरसीटीसी ने भाजपा को सुबह 7.50 बजे का समय दिया था।
नहीं था को-आर्डिनेशन
दरअसल शुक्रवार को मुंबई में भाजपा का 38 वां स्थापना दिन समारोह है। समारोह में प्रदेश भर से करीब 4 लाख कार्यकर्ता जुटने की संभावना है। भाजपाध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस,भूतल परिवहन मंत्री नितीन गडकरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रावसाहब दानवे समेत अन्य नेता समारोह को संबोधित करेंगे। लोकसभा व विधानसभा चुनाव की तैयारी के तहत भाजपा इस समारोह के माध्यम से शक्ति प्रदर्शन भी करनेवाली है। नागपुर विभाग से कार्यकर्ताओ को मुंबई ले जाने के लिए 4 ट्रेन बुक करायी गई थी। वित्तमंत्री सुधीर मुनगंटीवार के गृहक्षेत्र बल्लारपुर से एक ट्रेन मुंबई रवाना हुई। वर्धा से एक, बडनेरा से एक व नागपुर के अजनी स्टेशन से एक ट्रेन बुक करायी गई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के गृहनगर नागपुर से कार्यकर्ताओं को लेकर जानेवाली ट्रेन को लेकर हुई असुविधा को लेकर रेलवे प्रशासन हड़बड़ा गया है। अजनी स्टेशन में दाेपहर के समय घंटों तक ट्रेन का इंतजार करते रहे कार्यकर्ताओं में सबसे अधिक फडणवीस के समर्थक कार्यकर्ता थे। विधायक कृष्णा खोपडे, विधायक मिलिंद माने, पूर्व विधायक मोहन मते,पूर्व महापौर प्रवीण दटके, पूर्व महापौर अर्चना डेहनकर, भाजपा के विदर्भ संगठन मंत्री डॉ.उपेंद्र कोठेकर, दूसरे प्रमुख संगठन श्रीकांत देशपांडे प्रमुखता से शामिल थे। नागपुर में विधानसभा की 6 सीटे हैं। सभी सीट क्षेेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं के लिए दो-दो बोगी बुक थी। महिला कार्यकर्ताओं के लिए भी दो बोगी बुक की गई थी। युवा भाजपा कार्यकर्ताआें ने ट्रेन छूटने को लेकर रेल प्रशासन के विरोध में नारे भी लगाये।
Created On :   5 April 2018 4:33 PM IST