- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- गुब्बारा भरने वाले सिलेंडर में...
गुब्बारा भरने वाले सिलेंडर में ब्लास्ट, दो की मौत, एक बुजुर्ग के शरीर के चिथड़े उड़े, तीन घायल

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। शहर के छोटा तालाब स्थित सुभाष पार्क के गेट पर रविवार शाम दिलदहला देने वाली घटना सामने आई। यहां गुब्बारे भरने वाले सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। जिससे दो लोगों की मौत हो गई। वहीं एक बच्चा समेत तीन अन्य घायल हुए हैं। धमाका इतना जोरदार था कि गुब्बारे में सिलेंडर से गैस भर रहे बुजुर्ग के शरीर के चिथड़े उड़ गए। शरीर कई हिस्सों में बंट गया। जबकि हाथ व पैर करीब सौ मीटर की दूरी पर जाकर गिरे। रास्ते से गुजर रहे एक परिवार के बाइक सवार पति-पत्नी और बच्चा भी बुरी तरह चपेट में आ गए। जिसमें पति की जिला अस्पताल पहुंचते तक मौत हो गई। पत्नी, बच्चा व एक अन्य युवक गंभीर रुप से घायल हुए हैं। जिनका इलाज अभी जारी है।
एएसपी संजीव उईके ने बताया कि सुभाष पार्क छोटा तालाब के सामने रविवार शाम लगभग 5.45 बजे गुब्बारा फुलाने वाले सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया था। धमाके में गुब्बारे में गैस भर रहे पुराना पावर हाउस निवासी 70 वर्षीय शेख इब्राहिम पिता शेख इस्माइल की मौके पर मौत हो गई। यहां से गुजर रहे रेलवे कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय मो. ताजुद्दीन पिता निजामुद्दीन अंसारी, उसकी पत्नी सबा परवीन पति ताजुद्दीन अंसारी, बच्चा 9 वर्षीय विसमुल नबी पिता ताजुद्दीन अंसारी के अलावा सुकलुढाना निवासी 35 वर्षीय सुरेश पिता जेदूलाल यादव को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। रास्ते में ताजुद्दीन अंसारी की मौत हो गई। वहीं बच्चा समेत तीन लोगों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
घायलों को ऑटो से लेकर पहुंचे अस्पताल-
ब्लास्ट के बाद मौके पर बुजुर्ग का क्षतविक्षत शव पड़ा था और आसपास घायल तड़प रहे थे। मौके पर पहुंचे दया चौरसिया ने आसपास के लोगों की मदद से घायलों को उठाकर ऑटो से जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने एक घायल को मृत घोषित कर दिया। वहीं 3 अन्य घायलों का इलाज शुरू किया गया।
पुलिस को तलाशने पड़े शरीर के टुकड़े-
विस्फोट के बाद गुब्बारे बेचने वाले शेख इब्राहिम का सिर और धड़ मौके पर औंधा पड़ा पाया गया। जबकि उसके शरीर के बाकी हिस्से पुलिस को खोजने पड़ गए। हाथ पैर करीब सौ मीटर श्रेयांस टॉकीज के नजदीक मिले। वहीं घटनास्थल के आसपास से मांस के टुकड़े पुलिस द्वारा बंटोरे गए।
प्रत्यक्षदर्शी... धमाके से कांप उठी जमीन
छोटा तालाब के सामने दुकान संचालित करने वाले संजीव तिवारी ने बताया कि शाम लगभग पौने छह बजे अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। धमाका इतना जबरदस्त था कि जमीन में कुछ सेंकड के लिए कंपन सा महसूस हुआ। अचानक यहां भगदड़ मचने लगी। पास जाकर देखा तो गुब्बारे की दुकान लगाने वाले चच्चा का शव पड़ा था और कुछ लोग घायल थे। जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। धमाके की गूंज छोटी बाजार तक सुनाई दी।
प्रत्यक्षदर्शी... धमाके के साथ उड़े सिलेंडर के टुकड़े
छोटा तालाब के सामने दुकान चलाने वाले श्याम सूर्यवंशी ने बताया कि धमाके के साथ सिलेंडर के परखच्चे उड़ गए। सिलेंडर जिस लोहे की ट्राली में रखा था। उसके टुकड़े भी दूर तक बिखर गए। गनीमत है कि दुकानों के आसपास मौजूद लोगों को इससे कोई नुकसान नहीं हुआ। सिलेंडर का कुछ हिस्सा उछलकर छोटा तालाब में जा गिरा। एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी के अनुमान के मुताबिक सिलेंडर करीब तीन फीट ऊंचाई और सात किलो क्षमता वाला था।
Created On :   22 Aug 2021 9:41 PM IST