बच्चा चोर की अफवाह से रोज हो रहा खून खराबा

Blood trickles daily due to rumors of child thief
बच्चा चोर की अफवाह से रोज हो रहा खून खराबा
बच्चा चोर की अफवाह से रोज हो रहा खून खराबा

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र के समीपी ग्राम सूखा में बच्चा चोरी के शक को लेकर पड़ोसी आपस में उलझ गये। विवाद के तूल पकड़ने पर, एक पक्ष ने कुल्हाड़ी से हमला कर दूसरे पक्ष के चाचा भतीजे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना की जानकारी लगने पर आसपास के कई थानों की पुलिस को सूखा रवाना किया गया। उधर घायलों में एक को विक्टोरिया व दूसरे को  मेडिकल भेजा गया है।  सूत्रों के अनुसार सूखा में शाम से बच्चा चोर गिरोह के ग्राम में घुसने की अफवाह को लेकर लोगों में आक्रोश था। इसी के चलते रात 9 बजे के करीब पुराना मोहल्ला निवासी विजय चौधरी के कुछ मित्र एक जन्मदिन की पार्टी से लौटकर विजय के घर पहुंचे थे। विजय उनके साथ घर के बाहर खड़े होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले रमेश अहिरवार ने भीड़ को देखकर नाराजगी जताते हुए विजय के मित्रों पर संदेह जताया। इस बात को लेकर विवाद बढऩे पर विजय ने अपने साथियों को वहां से जाने को कहा, इस बीच रमेश अहिरवार ने उत्तम अहिरवार, राजा व अन्य लोगों को बुला लिया। रमेश कुल्हाड़ी लिए हुए था और विजय चौधरी के कमर के पास हमला कर घायल कर दिया। बीच बचाव करने पहुँचे विजय के चाचा हरिराम चौधरी के सिर पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस घटना के बाद दोनों पक्षों की भीड़ जमा हो गयी थी। इस मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। 

विक्षिप्त महिला की पिटाई 

सूत्रों के अनुसार इस घटना के कुछ घंटे पहले बच्चा चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने एक महिला को पकड़ा था और उसकी पिटाई की थी। इसके बाद पुलिस ने महिला को अभिरक्षा में लिया था। जाँच में पता चला कि महिला विक्षिप्त थी और वह कुछ बोल नहीं पा रही थी। पुलिस अब इस मामले में भी मारपीट करने वालों का पता लगा रही है। इस मामले को लेकर देर रात एसपी अमित सिंह माढ़ोताल थाने पहुंचे और घटना की जानकारी ली। 

अधिकारी पहुंचे मौके पर 

सूखा ग्राम में दो पक्षों में हुए विवाद के बाद तनाव की सूचना पाकर एएसपी संजीव उइके व आसपास के करीब आधा दर्जन थानों की पुलिस मौके पर पहुँची और ग्रामीणों से चर्चा कर मामला शांत कराया।
 

Created On :   5 Aug 2019 1:08 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story