सभी पुलों का हो आडिटः पवार
वहीं राकांपा प्रमुख शरद पवार ने मुंबई के सभी पुलों पर सरकार से श्वेतपत्र जारी करने की मांग की है। पवार ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मध्य रेलवे ने 11 नवंबर 2015 को राज्य सरकार को खत लिखकर मुंबई के पुलों की जर्जर हालत की जानकारी दी थी। लेकिन बीएमसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक राजधानी में हर साल विभिन्न हादसों में 3 हजार लोगों की जान जा रही है। यह स्थिति बदलने की जरूरत है।
हादसों का शहर बन गया है मुंबईः चव्हाण
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने मनपा आयुक्त अजोय मेहता और महापौर विश्नाथ म्हडेश्वर को हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बीएमसी की लापरवाही के चलते मुंबई हादसों का शहर बन गया है और कोई इसकी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम ने एक कदम और आगे बढ़ते हुए बीएमसी आयुक्त अजोय मेहता की गिरफ्तारी की मांग कर डाली है।