संगठन में सुधार के लिए जुटी बसपा, सत्ता में आने के लिए बना रही नई रणनीति

BSP primarily trying to improve the structure of organisation
संगठन में सुधार के लिए जुटी बसपा, सत्ता में आने के लिए बना रही नई रणनीति
संगठन में सुधार के लिए जुटी बसपा, सत्ता में आने के लिए बना रही नई रणनीति

डिजिटल डेस्क, नागपुर। करीब डेढ़ दशक से राज्य में सत्ता की राजनीति की कवायद में जुटी बसपा अब संगठन सुधार को विशेष प्राथमिकता के साथ पूरा करना चाहती है। बसपा की पहचान कैडरबेस पार्टी की है। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में बसपा चुनाव के समय सक्रिय रहने वाले संगठन की भूमिका में पहुंच गयी है। राज्य में आंबेडकरवादी विचार व पिछड़े तबके के विकास की राजनीति के मामले में खास पहचान बनाने वाली रिपब्लिकन पार्टी की स्थिति ठीक नहीं है। रिपब्लिकन पार्टी को बसपा सदैव कोसती रही है। लेकिन अब रिपब्लिकन पार्टी व उसके नेताओं के योगदान को भी बहुजन राजनीति का बड़ा हिस्सा मानते हुए बसपा संगठन विस्तार के काम में जुटेगी।

पदाधिकारियों को भी चेताया
उर्विला कालोनी स्थित आंबेडकर सभागृह में बसपा के नागपुर जोन की बैठक में प्रमुख नेताओं ने जो विचार रखे उसमें यही संकेत दिया गया कि संगठन के कैडर को पहले से अधिक सक्रिय किया जाएगा। बैठक में प्रदेश प्रभारी अशोक सिद्धार्थ, प्रमोद रैना, संदीप ताजने, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश साखरे, उपाध्यक्ष कृष्णा बेले प्रमुखता से उपस्थित थे। प्रदेश प्रभारी सिद्धार्थ ने कहा कि नागपुर जोन में बसपा के संगठन कार्य में अपेक्षित जोश नहीं दिख रहा है। विधानसभा क्षेत्र स्तर पर प्रदेश पदाधिकारियों को संगठन कार्य की जिम्मेदारी दी गई है। लेकिन संगठन की स्थिति देखकर नहीं लगता है कि कोई कार्य हो रहा है। प्रदेश प्रभारी ने तो यहां तक कहा कि अब पदाधिकारियों के संगठन कार्य की समीक्षा होगी। जवाबदारी को पूरा नहीं करने वाले पदाधिकारियों को तत्काल बदला जाएगा। 

कैडर कैंप लेने की तैयारी
बसपा में अधिकारियों,कर्मचारियों की सहभागिता का बामसेफ संगठन शिथिल पड़ा है। इस संगठन को नए सिरे से सक्रिय किया जाएगा। नागपुर व मुंबई में बामसेफ के कैडर कैंप लिए जाएंगे। इसके अलावा सभी प्रमुख पदाधिकारियों को वर्तमान राजनीतिक स्थिति को देखते हुए नई रणनीति पर काम करने की जानकारी दी जाएगी। महाराष्ट्र में दलित व आंबेडकरवादी आंदोलन को गति देने में दलित पैंथर व रिपब्लिकन पार्टी का योगदान रहा है। कई रिपब्लिकन नेता यहां राजनीतिक ताकत उभारने का प्रयास करते रहे हैं। लिहाजा रिपब्लिकन नेताओं के योगदान काे आदर्श मानते हुए बसपा के कार्य को आगे बढ़ाने का भी प्रयास किया जाएगा। अगस्त माह में ही बसपा के प्रशिक्षण कैंपों की शुरुआत हो जाएगी। 
 

Created On :   31 July 2018 1:12 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story