- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले सीएमओ...
लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले सीएमओ पर मामला दर्ज

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा/ जुन्नारदेव। लॉकडाउन की अवधि में वेकोलि कन्हान क्षेत्र के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुकांतो बसु 22 अप्रैल को वेकोलि की एम्बुलेंस से भोपाल गए और वहां से बेटी को लेकर लौटे थे। जिसकी शिकायत वेकोलि कर्मचारियों ने वेकोलि जीएम से लेकर पुलिस प्रशासन से की थी। पुलिस ने इस मामले की जांच के बाद डॉ बसु के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
टीआई प्रतीक्षा मार्को ने बताया कि वेकोलि कामगारों की शिकायत के आधार पर डॉ. बसु के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है, फिलहाल डॉ. बसु होम क्वारेंटाइन में है। बताया जा रहा है कि 22 अप्रैल को लॉकडाउन का उल्लंघन कर बिना अनुमति डॉ.बसु वेकोलि की एंबुलेंस लेकर भोपाल गए। डॉ.बसु और उनकी बेटी को बड़कुही बंगले पर छोड़कर एंबुलेंस ड्राइवर जामई लौट रहा था तब पुलिस ने उसे पकड़ा था। जिसे 14 दिन के लिए क्वारेंटाइन सेंटर में भेजा गया। डॉ.बसु के खिलाफ धारा 188, 269 और 270 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
कर्मचारियों से हुआ था विवाद-
वेकोलि कन्हान क्षेत्रीय अस्पताल के सीएमएचओ भोपाल से लौटने के बाद 23 अप्रैल को क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए अस्पताल के कर्मचारियों ने 14 दिनों तक होम क्वारेंटाइन में रहने को कहा था। लेकिन डॉ.बसु ने कर्मचारियों की बात नहीं मानी और उनके साथ विवाद किया। कर्मचारियों ने सीएमएचओ पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की थी।
Created On :   26 April 2020 10:13 PM IST