पत्रकार के साथ मारपीट करने पर मामला दर्ज, चोरी और हत्या की वारदातें

Case filed for beating to journalist, incidents of theft and murder
पत्रकार के साथ मारपीट करने पर मामला दर्ज, चोरी और हत्या की वारदातें
पत्रकार के साथ मारपीट करने पर मामला दर्ज, चोरी और हत्या की वारदातें

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नंदनवन क्षेत्र के अंतर्गत आनेवाले ईश्वर नगर चौक पर तेज रफ्तार से ट्रिपल सीट बाइक पर आ रहे युवकों ने शहर के एक पत्रकार के दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। उसके बाद बाइक सवारों ने गाली-गलौज करते हुए पत्रकार से मारपीट की। बीच-बचाव करने पर एक युवक की भी पिटाई कर दी। भीड़ जमा होती देख तीनों युवक वहां से बाइक लेकर फरार हो गए। घायल पत्रकार विनोद हेमंत झाड़े की शिकायत पर नंदनवन पुलिस ने धारा 279, 337, 294, 323, 504, 506, 427, 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार युवकों की तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस के अनुसार प्लाट नंबर 156 अंबा नगर खरबी निवासी पत्रकार विनोद झाड़े शनिवार को अपनी दोपहिया वाहन क्रमांक एमएच  49 बीसी- 6375 से अपने कार्यालय जा रहे थे। वह रमना मारुति से हसनबाग की ओर आ रहे थे। इस दौरान ईश्वरनगर चौक पर उनकी दोपहिया को बाइक पर सवार ट्रिपल सीट युवकों ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार युवकों ने  विनोद झाड़े से मारपीट की। इस दौरान बीच-बचाव करने वाले एक युवक से भी बाइक सवारों ने मारपीट की। बताया जाता है कि यह तीनों युवक मुंबई के रहनेवाले हैं। वह किसी रिश्तेदार के यहां शादी में आए थे। नंदनवन पुलिस ने उनके अन्य साथियों का पता लगा लिया है। वो जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे। नंदनवन पुलिस मामले की जांच कर रही है।  

दो ऑनलाइन धोखाधड़ी में लाखों उड़ाए

शहर में दो लोग ऑनलाइन धोखाधड़ी के शिकार हुए। किसी ने उनके खाते से रकम निकाल ली। घटना के उजागर होने के बाद शनिवार को नंदनवन और अजनी थाने में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। हनुमान नगर निवासी राजेशकुमार ओवानहरी (65) है। 24 जनवरी 2020 को किसी अपरिचित व्यक्ति का फोन आया था। फोनकर्ता ने राजेशकुमार को बताया कि वह पेटीएम कंपनी से है। केवाईसी का झांसा देकर बताया गए एप को स्मार्ट फोन में डाउनलोड करने को कहा। इसके बाद राजेशकुमार को पांच रुपए ट्रांसफर करने के लिए कहा था। राजेशकुमार ने जैसे ही पांच रुपए फोनकर्ता के खाते में ट्रांसफर किए, वैसे ही ऑनलाइन उसके खाते से 1 लाख 88 हजार 500 रुपए किसी और खाते में ट्रांसफर हो गए। इसके तत्काल बाद मामले की शिकायत संबंधित बैंक और अजनी थाने में की गई। जांच के दौरान धोखाधड़ी होने की पुष्टि होने से शनिवार को आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया।


दो एमडी तस्कर गिरफ्तार, मुंंबई से मंगाते थे माल

इसके अलावा शहर पुलिस आयुक्त डॉ. भूषणकुमार उपाध्याय ने ड्रग्स मुक्त शहर बनाने का संकल्प लिया है। उनके इस संकल्प को पूरा करने का बीड़ा नागपुर के अपराध शाखा पुलिस विभाग के मादक पदार्थ विरोधी दस्ते ने उठाया है। ड्रग्स मुक्त शहर अभियान के तहत मादक पदार्थ विरोधी दस्ते ने दो एमडी तस्करों को धरदबोचा, जो मुंबई से नागपुर में एमडी ड्रग्स पाउडर मंगाकर बेचने का काम कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपी का नाम मोहम्मद आमिर मलिक (29) हमीद नगर और मोहम्मद शाहनवाज उर्फ पक्या (22) हसनबाग निवासी है। इन दोनों आरोपियों को अलग-अलग जगह से गिरफ्तार कर उनसे करीब 16 ग्राम 91 मिलीग्राम एमडी ड्रग्स सहित लगभग 1 लाख 12 हजार रुपए का माल जब्त किया गया है। इन दोनों को खुद भी एमडी खाने का शौक है। इन दोनों ने आसान तरीके से  कमाई करने के लिए एमडी ड्रग्स बेचने का कारोबार शुरू कर दिया था। यह युवाओं की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे थे। इन दोनों आरोपियों के बारे में पुलिस को काफी दिनों से गुप्त जानकारी मिली थी, लेकिन दोनों आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग पा रहे थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार  अपराध शाखा पुलिस विभाग के मादक पदार्थ विरोधी दस्ते ने हमीदनगर यशोधरानगर निवासी मोहम्मद आमिर मलिक के घर पर छापा मारा। दस्ते ने आरोपी मोहम्मद आमिर के घर से 12 ग्राम 36 मिलीग्राम एमडी ड्रग्स, मोबाइल सहित करीब 38 हजार रुपए का माल जब्त किया, जिसमें एमडी ड्रग्स की कीमत करीब 37 हजार 80 रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ यशोधरानगर थाने में मामला दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। 
 

मस्कासाथ पुलिया पर मिस्त्री की हत्या

उधर मस्कासाथ पुलिया पर शनिवार की रात घातक शस्त्रों से लैस तीन से चार हमलावरों ने दो मित्रों पर हमला बोल दिया, जिसमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा मामूली रूप से घायल है। घटना का कारण ज्ञात नहीं है, लेकिन पता चला है कि वहां पर जुआ चल रहा था और उसी के विवाद में यह घटना होने का कयास लगाया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने जुआ की बात से इनकार किया है। लकड़गंज थाने में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। मृतक सुभाष विश्वकर्मा (30) मूलत: छत्तीसगढ़ राज्य के भिलाई वर्तमान में ईट भट्ठी चौक निवासी था। वह निर्माणाधीन मकानों में मिस्त्री का काम करता था। शनिवार की रात करीब नौ से दस बजे के दौरान सुभाष अपने एक मित्र के साथ दोपहिया वाहन क्र.एमएच 31 डीएफ 7053 से कहीं जा रहा था। इस बीच इतवारी मस्कासाथ पुलिया पर सुभाष ने मित्र को वाहन रोकने के लिए कहा। इसके बाद वह पुलिया से लगी सीढ़ियों से नीचे उतरा। वापस आया तो वह खून से लथपथ था। तीन से चार हमलावरों ने घातक शस्त्रों से उस पर वार किए थे। भागते वक्त हमलावरों ने बीच-बचाव करने दौडे सुभाष के मित्र पर भी वार किया, जिससे उसके हाथ में चाकू लगा है। घटना का पता चलते ही उपायुक्त राहुल माखनिकर, निरीक्षक नरेंद्र हिवरे सह दल बल मौके पर पहुंचे थे। इस बीच भीड में यह चर्चा जोरों पर थी पुलिया के नीचे जुआ चल रहा था और उसी को लेकर सुभाष की हत्या की गई, मगर पुलिस ने इससे इनकार किया है। इस बीच कुछ संदिग्धों को पुछताछ के लिए थाने लाया गया था। हत्या प्रकरण का कवरेज करने मौके पर पहुंचे मीडियाकर्मी से भावेश कावरे नामक उपनिरीक्षक ने अभद्र बर्ताव किया है। उन्हें घटना का कवरेज करने से रोक दिया गया था, जिससे मीडिया कर्मियों में रोष व्याप्त है।

2 लाख का माल उड़ाया

वहीं लकड़गंज थानांतर्गत शुक्रवार को दिनदहाड़े चोरी हो गई। किसी ने नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। आरोपी की तलाश में सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। जिगनिश राजेश दवे (26) बाबूलबन निवासी है। शुक्रवार की दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच में जिगनिश सलून गया था, उसकी मां और बहन अस्पताल गई हुई थीं। घर में ताला लगा था। िकसी ने गेट फांदकर भीतर प्रवेश िकया। इसके बाद दरवाजा और अलमारी का ताला तोड़ दिया। दो लाख रुपए की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण ऐसे कुल दो लाख दस हजार रुपए के माल पर हाथ साफ कर दिया है। दिनदहाड़े हुई इस घटना की आस-पड़ोस के लोगों तक को भनक नहीं लगी। घटना का पता चलते ही संबंधित थाने का दस्ता मौके पर पहुंचा। अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस सुराग नहीं िमला है। 

1 लाख 16 हजार की चोरी

स्थानीय नया पुलिस थाना कामठी अंतर्गत भिलगांव मार्ग के अंकित प्लप्स एंड बोर्ड प्रा.लि कंपनी में बीती रात कार्यालय की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश कर कंपनी के निदेशक के कैबिन में श्रीयंत्र पंच धातू के 75 हजार रुपए कीमत के 5 नग, 15 ग्राम चांदी के 30 नग, कीमत 21 हजार रुपए व नगदी 20 हजार ऐसा कुल 1 लाख 16 हजार रुपए का माल अज्ञात आरोपी उड़ा ले गए। फरियादी कंपनी के प्रबंधक रवि राममूर्ति चंदन की शिकायत पर नया पुलिस थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। आगे की जांच पुलिस कर रही है।

लोहडोंगरी में 2 बकरे चोरी   

रामटेक तहसील के लोहडोंगरी गांव में अज्ञात आरोपी 20 हजार मूल्य के 2 बकरे चुरा ले गए। पशुपालक रामभाऊ धोंडबा घरजाले ने रामटेक पुलिस स्टेशन में बकरे चोरी की शिकायत दर्ज की। रिपोर्ट में बताया गया कि, अच्छी नस्ल के बकरे और बकरियां गांव शिवार के खेत के कोठे में बांधकर रखे थे। 13 फरवरी को सुबह खेत पहुंचने पर 2 बकरे चोरी जाने की बात सामने आई। पहले भी ग्रामीण क्षेत्र में बकरी चोरी की घटनाएं हो चुकी है, इससे पशुमालिकों में दहशत का माहौल बना हुआ है। आगे की जांच रामटेक पुलिस कर रही है। 
 

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म 

शादी का झांसा देकर करीब साल भर से युवती से दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। शादी की बात करने पर आरोपी के इनकार करने के बाद युवती ने कोंढाली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की। जानकारी के अनुसार कोंढाली निवासी एक 23 वर्षीय युवती की पहचान खानापुर, तहसील-वरुड़, जिला-अमरावती निवासी महेश नत्थूजी वाघ (28) से हुई। दोनों की पहचान दोस्ती में तब्दील हुई। इस बीच शादी का झांसा देकर युवक ने 2 सितंबर 2019 से लेकर 2 फरवरी 2020 के बीच कई बार शारीरिक संबंध बनाए। 14 फरवरी को युवक व युवती कोंढाली के एक लॉज में गए, जहां युवती ने शादी की बात करने पर आरोपी ने साफ इनकार कर दिया। जिसके बाद पीड़िता ने कोंढाली पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज की। फरियादी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भादंवि की धारा 376(2), 414 तथा एट्रोसिटी एक्ट के तहत कोंढाली के थानेदार श्याम गव्हाने ने मामला दर्ज किया। आगे की जांच काटोल के उपविभागीय पुलिस अधिकारी नागेश जाधव के मार्गदर्शन में कोंढाली पुलिस कर रही है।ि

सपाही ने की खुदकुशी

उमरेड पुलिस स्टेशन में कार्यरत पुलिस सिपाही ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक का नाम उमाकांत मुन्नालाल बोपचे (26) बताया जा रहा है। उमाकांत की आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। वर्ष 2017 से उमरेड पुलिस स्टेशन में कार्यरत उमाकांत  बोपचे, ओमनगर, जीभकाटे ले-आउट में किराए के मकान में मां के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि शनिवार को उसका साप्ताहिक अवकाश था, वह घर पर ही था। उसकी मां किसी रिश्तेदार के घर गई थी। शनिवार की शाम करीब 7 बजे जब मकान मालिक की बेटी किसी काम से पहले माले पर गई, तो उमाकांत का कमरा बंद था, खिड़की से झांक कर देखने पर वह फांसी पर लटका नजर आया। उमाकांत को सीलिंग फैन में लटके देख उसने अपने पिता दिनेश सहारे को बताया। सहारे ने पुलिस को जानकारी दी। आकस्मिक मृत्यु के तहत उमरेड पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।

यात्री की सफर के दौरान मौत


सफर के दौरान यात्री की मौत हो गई। दिल का दौरा पड़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है। इस बीच घटित प्रकरण को तहसील थाने में आकस्मिक मृत्यु के तौर पर दर्ज किया गया है। मृतक यात्री शैलेंद्र अमृतलाल सिंह (40) मध्यप्रदेश के ग्राम पवनार का निवासी था। शुक्रवार को शैलेेंद्रसिंह निजी ट्रैवल्स बस (एमपी 17 पी 1062) से अपने गांव  से नागपुर आया। शुक्रवार की शाम करीब सवा पांच बजे बस नागपुर पहुंची। गीतांजलि चौक के पास आभा ट्रैवल्स कंपनी के पास बस रुकी। सभी यात्री बस से उतरे फिर भी शैलेेंद्रसिंह बस में अपनी सीट पर ही बैठा हुआ था। उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही थी,  जिससे बाद उसे मेयो अस्पताल ले जाया गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत्त घोषित कर दिया। घटित प्रकरण से आशंका व्यक्त की जा रही है कि दिल का दौरा पड़ने से शैलेंद्रसिंह की मौत हुई है, जांच जारी है।
 

Created On :   16 Feb 2020 9:58 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story