फुटाला में लड़कियों से छेड़छाड़, पुलिस को चलानी पड़ी लाठियां

Case of eve teasing found in the Futala Chaupati on friendship day
फुटाला में लड़कियों से छेड़छाड़, पुलिस को चलानी पड़ी लाठियां
फुटाला में लड़कियों से छेड़छाड़, पुलिस को चलानी पड़ी लाठियां

डि़जिटल डेस्क, नागपुर। फ्रेंडशिप-डे पर शहर के फुटाला चौपाटी में उस समय तनाव की स्थिति निर्माण हो गई, जब कुछ युवकों ने लड़कियों से छेड़छाड़ की। बताया जाता है कि फुटाला चौपाटी में देर शाम लड़के और लड़कियों की अच्छी खासी भीड़ थी। इस बीच कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा लड़कियों से छेड़छाड़ करने की शिकायत मिली। भीड़ अधिक होने से पुलिस ने परिसर को खाली करने का प्रयास किया इससे माहौल बिगड़ गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियों का उपयोग करना पड़ा। इस दौरान लोगों में भगदड़ मच गई, जिससे कुछ समय तनाव का माहौल बना रहा।

हुड़दंगियों ने पुलिस वाहन को घेरा
फुटाला चौपाटी पर देर रात तक बड़ी संख्या में युवाओं की भीड़ जमी थी। रविवार अवकाश का दिन होने से अन्य दिनों के मुकाबले भीड़ कुछ ज्यादा ही थी। कुछ लोग परिवार के साथ भी आए थे। परिसर में चारों ओर चहल-पहल थी। भीड़ में असामाजिक तत्व भी सक्रिय थे, जो मौका देख कर लड़कियों से छेड़छाड़ और छींटाकशी कर रहे थे। हालांकि परिसर में स्थाई पुलिस चौकी है। फ्रेंडशिप-डे होने से अन्य दिनों के मुकाबले बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था। इस बीच पुलिस ने एक हुड़दंगी को हिरासत में लिया और उसे पुलिस वाहन से थाने ले जाया जा रहा था, तभी हुड़दंगी के कुछ साथियों ने पुलिस वाहन को घेर लिया

पुलिस वाहन की ओर पत्थर मारा
किसी ने पुलिस वाहन की दिशा में पत्थर दे मारा। हालांकि पत्थर किसी को लगा नहीं, लेकिन इससे माहौल बिगड़ गया। इस बीच थाने से और पुलिस बल बुलाया गया। परिसर लोगों से खचाखच भरा होने के कारण पुलिस ने लोगों को हटाने और दुकानों को खाली कराने का प्रयास किया। इससे माहौल पहले से भी ज्यादा खराब हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। संबंधित थाने के निरीक्षक भीमराव खंडारे ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग करने की बात कही है। 

Created On :   6 Aug 2018 10:42 AM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story