- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- किशोरी,युवती व महिला से छेड़खानी...
किशोरी,युवती व महिला से छेड़खानी करने वाले 6 आरोपी नामजद, सरेआम हुई घटनाएं

डिजिटल डेस्क, नागपुर। एक किशोरी, युवती व महिला से छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। संबंधित थानों की पुलिस ने 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों में कासिफ खान, उसके तीन मित्र, आकाश पारशेट्टीवार और विनोद आत्राम शामिल है। घटनाएं अलग-अलग स्थानों पर हुईं।
इंस्टाग्राम पर बनाया फर्जी अकाउंट, भेजे अश्लील मैसेज
मानकापुर क्षेत्र में रहने वाली किशोरी ने आरोपी कासिफ खान, अवस्थी नगर निवासी और उसके तीन मित्रों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि, 18 अक्टूबर 2018 से 10 मई 2019 के दरमियान आरोपी कासिफ व उसके तीन मित्रों ने उसके नाम पर इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट तैयार किया और उसकी फोटो प्रोफाइल में लगाई। पश्चात आरोपी उसे अश्लील मैसेज भेजकर परेशान कर रहे थे। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कासिफ खान और उसके साथियों के खिलाफ धारा 354(ड),(2), 345 , सहधारा 66(अ),66(सी) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
कुएं से पानी भरते समय की युवती से छेड़छाड़
हिंगना थानांतर्गत रहने वाली युवती गत दिनों गांव के कुएं पर पानी भरने गई थी। पीड़िता का आरोप है कि, पानी भरते समय आरोपी विनोद भाउराव आत्राम ने उसके साथ लज्जास्पद हरकत की। शोर मचाने पर आरोपी वहां से फरार हो गया। पीड़िता ने परिजनों को आरोपी की हरकतों के बारे में बताया, तब परिजनों ने पीड़िता के साथ हिंगना थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की। पुलिस ने आरोपी विनोद आत्राम के खिलाफ धारा 354 (अ)(4), 294,323,506(ब) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
घर में घुसकर महिला से की अभद्रता
सदर थानांतर्गत रहने वाली महिला ने आरोपी आकाश पारशेट्टीवार के खिलाफ शिकायत की है। पीड़िता का आरोप है िक, गत दिनों जब वह घर में अकेली थी, तब आरोपी ने दोपहर करीब 3 बजे उसके घर में जबरन घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 354,452,323,427 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। संबंधित थानों की पुलिस उक्त सभी फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
Created On :   3 Jun 2019 2:12 PM IST