छिंदवाड़ा के युवक की इंदौर में चाकू मारकर हत्या

Chhindwara youth stabbed to death in Indore
छिंदवाड़ा के युवक की इंदौर में चाकू मारकर हत्या
- भोपाल से कर रहा था इंजीनियरिंग, जन्मदिन मनाने गया था इंदौर छिंदवाड़ा के युवक की इंदौर में चाकू मारकर हत्या

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। शहर की सुभाष कॉलोनी के एक युवक की इंदौर के विजय नगर में हत्या का मामला सामने आया है। युवक भोपाल में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। वह दोस्त का जन्मदिन मनाने इंदौर गया था। शुक्रवार देर रात पेट्रोल भरवाने को लेकर युवक को कुछ बदमाशों से विवाद हो गया था। विवाद में बदमाशों ने युवक को चाकू मार दिया था। इलाज के दौरान शनिवार सुबह युवक की मौत हो गई।
विजय नगर पुलिस ने बताया कि सुभाष कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय गौरव पिता रूपेश डोले भोपाल में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। गौरव दोस्त मयंक का जन्मदिन मनाने इंदौर गया था। जन्मदिन सेलिब्रेट के बाद वे सराफा घूमने के लिए निकले थे। वापस आते समय सयाजी पेट्रोल पंप पर जल्दी पेट्रोल भरवाने की बात पर पीछे खड़े व्यक्ति से विवाद हो गया। बाइक सवार बदमाशों ने गौरव को चाकू मार दिया। उसे तत्काल एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां इलाज के दौरान सुबह मौत हो गई।
बीटेक पढ़ रहा था, पिता सीआरपीएफ में पदस्थ-
मृतक के परतला निवासी चाचा आशीष डोले ने बताया कि गौरव भोपाल में सत्य साईं कॉलेज से बीटेक फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता रुपेश सीआरपीएफ रांची में पदस्थ हैं। वहीं उसका छोटा भाई तुषार नोएडा में पढ़ाई कर रहा है। बेटे की मौत के बाद पिता व मां रांची से इंदौर के लिए निकले है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।  
ऑनलाइन पेमेंट से जुटाया सुराग-
विजय नगर पुलिस ने इस मामले में दो बदमाशों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक जिन बदमाशों ने गौरव को चाकू मारा था, उनकी बाइक का नम्बर सीसीटीवी में साफ नजर नहीं आ रहा था। उन्होंने पेट्रोल पंप पर पेटीएम से ऑनलाइन पेमेंट किया था। पुलिस ने यहां से अकाउंट की डिटेल लेकर बैंक से संपर्क किया। बैंक से पता और मोबाइल नंबर लेकर बाणगंगा और परदेसीपुरा इलाके से बदमाशों को हिरासत में लिया है।

Created On :   10 Sept 2022 10:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story