मुख्यमंत्री ने की घोषणा: सौंसर को बनाएंगे मिनी स्मार्ट सिटी

Chief Minister announced: will make Saunsar a mini smart city
मुख्यमंत्री ने की घोषणा: सौंसर को बनाएंगे मिनी स्मार्ट सिटी
-शिवाजी तिराहे पर लगेगी छत्रपति महाराज की आदमकद प्रतिमा मुख्यमंत्री ने की घोषणा: सौंसर को बनाएंगे मिनी स्मार्ट सिटी

डिजिटल डेस्क छिन्दवाड़ा/सौंसर। गुरुवार को नगर पालिका चुनाव के लिए भाजपा की चुनावी सभा में पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सौंसर नगर स्मार्ट सिटी बनेगी। इसी तरह शिवाजी तिराहे पर स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज की छोटी प्रतिमा के स्थान पर घोड़े पर सवार आदमकद प्रतिमा शीघ्र ही स्थापित की जाएगी। नगर विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर में जो विकास कार्य हुए हंै उसके लिए भाजपा ने धन राशि दी है और कांग्रेस इसे अपना विकास बता कर जनता को भ्रमाने का काम कर रही है। सौंसर में सीएम राइज स्कूल शुरु करने की बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा गरीब बच्चों को अब संसाधनों के साथ शिक्षा की बेहतर सुविधा मिलेगी। नगर की जनता से कहा कि नगर के विकास के लिए राशि की कमी नहीं होने दी जाएगी लेकिन इसके लिए आपको नगर पालिका परिषद में भाजपा के पार्षदों को चुनकर भेजना होगा ताकि विकास के लिए दी गई राशि का सही उपयोग हो सके। सभा के दौरान भाजपा की ओर से दृष्टिपत्र का मुख्यमंत्री द्वारा विमोचन किया गया। सभा में पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड़ ने बस स्टैंड का विकास, सोबना-देव नहीं पर बांध निर्माण व अन्य योजनाओं को स्वीकृत कराने की मांग मुख्यमंत्री से की। सौंसर में हेलीपेड से मुख्यमंत्री श्री सिंह शिवाजी तिराहा पहुंचे यहां से दो किमी का रोड शो करते हुए गांधी चौक स्थित चुनावी सभा में पहुंचे। पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह ने भी सभा को संबोधित किया।
दमुआ: सीएम ने भाजपा की परिषद बनने पर पट्टे देने का भरोसा दिलाया
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दमुआ के न्यू बस स्टैंड में सभा को संबोधित कर कहा कि भाजपा सरकार ने 12 करोड़ की राशि दमुआ नगर पालिका के लिए स्वीकृत की थी, लेकिन पिछली परिषद ने सिर्फ भ्रष्टाचार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कमलनाथ सरकार ने मेरी संबल योजना बंद कर दी थी जिससे माताएं- बहनों को जो योजना से लाभ मिलता था वो बंद हो गया था परंतु मेरी सरकार बनते ही मैंने पुन: योजना को लागू कराया। उन्होंने कहा कि दमुआ में भाजपा की परिषद बनती है तो बैरियल पुल का निर्माण, दमुआ से नंदन मॉडल रोड निर्माण और रहवासियों को पट्टे वितरित किए जाएंगे।

Created On :   22 Sept 2022 11:05 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story