क्राइम पर होगा पूरा कंट्रोल, जरूरत पर बनाए जाएंगे नए पुलिस थाने

Chief Minister Devendra Fadnavis say build new police station in maharashtra
क्राइम पर होगा पूरा कंट्रोल, जरूरत पर बनाए जाएंगे नए पुलिस थाने
क्राइम पर होगा पूरा कंट्रोल, जरूरत पर बनाए जाएंगे नए पुलिस थाने

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में क्राइम पर कंट्रोल पाने व गुंडाराज को समाप्त करने के लिए जहां पर भी नया थाना बनाने की जरूरत महसूस होगी, वहां नया थाना बनाया जाएगा। शहर में बढ़ती आबादी के मद्देनजर आने वाले कुछ समय में और नए थाने बनाए जाएंगे। शहर के लोगों की जिंदगी सुरक्षित रहे, इसलिए पुलिस स्टेशन की जहां भी जरूरत होगी, सरकार उसे बनाने के लिए तैयार है। यह बात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने  शहर के नए बेलतरोडी थाने के उद्घाटन अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि गुंडाराज को जड़ से मिटाने के लिए वह हर संभव प्रयास कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। आने वाले समय को देखते हुए कुछ और नए थाने के प्रस्ताव पर विचार मंथन शुरू है। बेलतरोडी थाना शहर पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत 30वां थाना हो गया है। इससे पहले शहर पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत 29 थाने संचालित हो रहे थे, जिसमें हिंगना और कामठी के दो थानों को हाल ही में शहर पुलिस आयुक्तालय से जोड़ा गया है। बेलतरोडी थाने के उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय मंत्री  नितीन गडकरी, पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, पुलिस आयुक्त डा. के. व्यंकटेशम, पुलिस उपायुक्त एस चैतन्य आदि सहित अन्य पुलिस अधिकारी- कर्मचारी और नागरिक उपस्थित थे।  नागरिक बेलतरोडी थाना के दूरभाष क्रमांक  07103- 297617 पर संपर्क कर सकते हैं। 

तीन थानों के कुछ हिस्से का विभाजन 
बेलतरोडी थाना शुरू होने से हुड़केश्वर, अजनी आैर हिंगना थाने के कुछ हिस्से का विभाजन हो गया है। इस विभाजन के चलते नया बेलतरोडी थाना बनाया गया है। इस क्षेत्र की आबादी करीब 80 हजार है। बेलतरोडी थानांतर्गत बेसा-बेलतरोडी, मनीषनगर आैर खापरी बीट होगी। मुख्य सड़क से सटकर तीन मंजिला इमारत में बेलतरोडी थाने का उद्घाटन हुआ। थाने के अंदर की सुंदरता देखने लायक है। यह भी स्मार्ट थाने की श्रेणी में है। इस नए थाने में थानेदार,  द्वितीय थानेदार, 2 सहायक पुलिस निरीक्षक आैर 2 पुलिस उपनिरीक्षक व 60 कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है।  

बढ़ती जनसंख्या वाले क्षेत्रों की परेशानी कम करने के प्रयास
मिहान प्रकल्प के बाद बेसा आैर आस-पास के क्षेत्रों में  नागरिकों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। इस परिसर का कुछ हिस्सा हुड़केश्वर थाना, कुछ अजनी और कुछ हिस्सा हिंगना थाना की हद में आने से नागरिकों को शिकायत दर्ज कराने में काफी परेशानी होती थी। पुलिस को भी लगातार गश्त करने में परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसके कारण इस क्षेत्र में अपराध की घटनाएं बढ़ने लगी थी। नया थाना बन जाने से इस क्षेत्र में चल रहे अवैध धंधों पर रोकथाम  होगी। रविवार को मुख्यमंत्री फडणवीस ने केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी, पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की उपस्थिति में फीता काटकर बेलतरोडी थाना का उद्घाटन किया और थाने के पुस्तक रजिस्टर में विचार लिखे। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्रियों ने थाने की इमारत का अवलोकन किया। थाने के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी। थानेदार विजय तलवारे आैर द्वितीय निरीक्षक दिलीप सालुंखे ने उपस्थिताें का आभार माना। 

Created On :   29 Jan 2018 1:30 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story