- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- अपराधों पर लगेगी लगाम, 4 राज्यों की...
अपराधों पर लगेगी लगाम, 4 राज्यों की CID मिलकर करेगी काम

डिजिटल डेस्क,नागपुर। राज्य में बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने और एक राज्य से दूसरे राज्यों में पनाह लेने वालों पर अपराधियों पर पुलिस शिकंजा कसने जा रही है। इसके लिए 4 राज्यों की CID समन्वय बनाकर काम करने जा रही है। देश में पहली बार 4 राज्यों की CID के अधिकारियों की नागपुर में अंतर्राज्यीय अपराध समन्वय परिषद को लेकर बैठक हुई। बैठक में महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड की CID के अधिकारियों ने कई मुद्दों पर चर्चा की।
दरअसल नक्सलवाद,आतंकवाद के साथ ही अन्य गंभीर अपराधों को रोकने और अपराधियों को धर-दबोचने का बीड़ा इन चारों राज्यों की CID ने उठाया है। नागपुर के सदर स्थित एन कॉप्स सेंटर में आयोजित पत्र परिषद में पुलिस आयुक्त डा. के. वेंकटेशम ने कहा कि चारों राज्यों में अपराध को रोकने में CID की प्रमुख भूमिका रहेगी। इन चारों राज्यों की CID के साथ मिलकर वहां की स्थानीय पुलिस अपराध को रोकने में मदद करेगी। महाराष्ट्र के CID के अतिरिक्त पुलिस महासंचालक संजीव कुमार सिंघल ने कहा कि महाराष्ट्र में अपराध का तरीका अलग है। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में अपराध के तरीके अलग हैं, लेकिन अपराधी किसी भी राज्य का हो उसके लिए कानून एक है। समन्वय बनाकर अपराधियों को पकड़ा जा सकता है।
सिंघल ने कहा कि इन चारों राज्यों के अपराधियों का रिकॉर्ड साझा किया गया है। अगर महाराष्ट्र का अपराधी मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में जाकर पनाह लेता है तो उसका पता आसानी से लगाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि यह बैठक एक मात्र पहल है। आने वाले समय में दूसरे अन्य राज्यों के CID अधिकारियों को आमंत्रित किया जाएगा।
छत्तीसगढ़, झारखंड के प्रतिनिधि हुए उपस्थित
कैलास मकवाना ने कहा कि उन्होंने अपने राज्य के अपराधियों की सूची महाराष्ट्र पुलिस के अधिकारियों के साथ साझा की है, ताकि मध्यप्रदेश का अपराधी अगर महाराष्ट्र के किसी भी शहर या ग्रामीण क्षेत्र में जाकर छिपता है तो उसके बारे में आसानी से जानकारी मिल सके। इसी तरह से सभी राज्य के CID विभाग के अधिकारियों ने एक दूसरे से अपराधियों के बारे में उनके नाम ,पता, उनका आपराधिक रिकॉर्ड का ब्यौरा साझा किया। पत्र परिषद में छत्तीसगढ़ और झारखंड के CID के अधिकारी उपस्थित नहीं हो सके। उनकी जगह पर प्रतिनिधियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। इस मौके पर पुलिस आयुक्त डा.के.वेंकटेशम, महाराष्ट्र के CID के अतिरिक्त पुलिस महासंचालक संजीव कुमार सिंघल, मध्यप्रदेश के अतिरिक्त पुलिस महासंचालक (CID) कैलाश मकवाना व अन्य दोनों राज्यों के CID विभाग के प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित थे।
Created On :   29 Aug 2017 11:34 AM IST